विधायक भाटी की सुरक्षा में कटौती, 3 कमांडो हटाए गए
जयपुर, राजस्थान की राजनीति के चर्चित युवा चेहरों में शुमार शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी लोकप्रियता नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा में की गई बड़ी कटौती है। बाड़मेर पुलिस प्रशासन ने भाटी को मिली सुरक्षा में तैनात चार में से तीन पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर्स को वापस बुला लिया है। इस फैसले के बाद सीमावर्ती बाड़मेर में सियासी हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
जानकारी के मुताबिक, भाटी को मार्च 2025 में इंटेलिजेंस इनपुट्स और जान से मारने की धमकियों के बाद चार सुरक्षाकर्मी उपलब्ध करवाए गए थे, जिनमें दो कमांडो और दो पुलिसकर्मी शामिल थे। हाल ही में जारी आदेश के बाद अब उनकी सुरक्षा घटाकर सिर्फ एक पीएसओ तक सीमित कर दी गई है। यह आदेश बाड़मेर के पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट की ओर से जारी किया गया, जिसके तहत अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया।
विधायक भाटी ने सुरक्षा में कटौती को राजनीतिक षड्यंत्र बताया
प्रशासन का कहना है कि यह फैसला राज्य स्तर पर सुरक्षा समीक्षा के बाद लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) द्वारा जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा का पुनर्मूल्यांकन किया गया था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस का दावा है कि यह पूरी तरह से एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसमें किसी तरह की राजनीतिक मंशा शामिल नहीं है।
यह भी पढ़े : अमरावती यौन शोषण मामले में एनसीडब्ल्यू का सख्त रुख
हालांकि, इस फैसले पर विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सुरक्षा में कटौती को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। भाटी का कहना है कि सुरक्षाकर्मियों को हटाने के आदेश बैकडेट में जारी किए गए हैं, जो प्रशासन की नीयत पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें चुप कराने की कोशिश की जा रही है। (एजेंसियाँ)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






