मोहम्मद अजहरुद्दीन ने सभी योजनाओं की समीक्षा की
हैदराबाद, सार्वजनिक उद्यम एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. अजहरुद्दीन ने आज सचिवालय में जिला अल्पसंख्यक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने रमजान से जुड़ी व्यवस्थाओं, शादी मुबारक तथा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मो. अजहरुद्दीन ने निर्देश देते हुए कहा कि रमज़ान से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए जिलों में बैठक आयोजित की जाएँ, जिनमें जिला प्रभारी मंत्रियों, जिला कलेक्टर, स्थानीय विधायकों, संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा जन प्रतिनिधियों के साथ-साथ धार्मिक नेताओं को भी आमंत्रित किया जाए। यह बैठक एक सप्ताह के भीतर आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने जिला प्रभारी अधिकारियों को अपने-अपने जिलों के राजस्व मंडल अधिकारियों के साथ बैठक करने और यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि शादी मुबारक योजना के तहत लंबित सभी आवेदनों का निपटारा करते हुए अन्य सभी योजनाओं को भी लागू किया जाए।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : मेट्रो के दूसरे चरण की मंज़ूरी में सहयोग करें किशन रेड्डी
टीजीएमआरईआईएस और अल्पसंख्यक वित्त निगम के प्रमुख उपस्थित
मो. अजहरुद्दीन ने कहा कि प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत परियोजनाओं की प्राथमिकता के आधार पर निगरानी की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि परियोजनाएं समय पर पूरी करते हुए भवन टीजीएमआरईआईएस को सौंप दिए जाएँ। साथ ही उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि क्रिसमस समारोह के लिए जारी बजट का उपयोग चर्चों की सफेदी और विद्युतीकरण के लिए किया जाए।
बैठक में सरकार के सलाहकार मोहम्मद अली शब्बीर, अल्पसंख्यक कल्याण समिति के अध्यक्ष मोहम्मद फहीमुद्दीन कुरैशी, टीजीएमआरईआईएस के अध्यक्ष ओबैदुल्ला कोतवाल, अल्पसंख्यक वित्त निगम के अध्यक्ष सैयद अजमतुल्लाह हुसैनी, टीजी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष तारिक अंसारी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष दीपक जॉन, क्रिश्चियन फाइनेंस कॉर्पोरेशन अध्यक्ष बी. शफीउल्लाह सहित जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान सभी जिला कल्याण अधिकारियों को आगामी रमज़ान के लिए जिलों में की जाने वाली तैयारियों, शादी मुबारक बजट के उपयोग, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत परियोजनाओं के शीघ्र समापन और क्रिसमस समारोह संबंधी कार्यों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



