अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : हैद्रा आयुक्त
हैदराबाद, हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने शहर के छात्रावास संचालकों को सचेत किया कि अग्नि सुरक्षा नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए नियमों के पालन में किसी प्रकार का समझौता न करं। आयुक्त ने हॉस्टल संचालकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति सतर्क रहना आवश्यक है। सुरक्षा मामले में कहीं भी समझौता न करें, विशेष रूप से गर्मियों के मौसम में कहीं थोड़ी सी भी चूक हो, तो बड़ा खतरा हो सकता है।
रंगनाथ ने कहा कि हाल ही में शहर में हुई दुर्घटनाओं से सबक सीखें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि शहर में मौजूद कई हॉस्टल अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्हें शीघ्र सुधार करना होगा। देशभर से अनेक लोग शहर में आकर आजीविका के लिए काम कर रहे हैं। वह शहर के विभिन्न हॉस्टलों में रहते हैं। हॉस्टल उनके लिए एक वरदान होना चाहिए। आयुक्त ने बताया कि कुछ छात्रावासों का औचक दौरा करने पर पाया गया कि वहाँ की परिस्थितियाँ अत्यंत चिंताजनक हैं। छोटे कमरों में क्षमता से अधिक बिस्तर डाले गये हैं। सेल्लार में मेस संचालित किये जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें… स्वच्छता को दें प्राथमिकता : रेवंत रेड्डी
प्रत्येक कमरे में फायर एक्सटिंग्विशर और स्मोक डिटेक्टर जरूरी
सुरक्षा के लिए लगाए गए ग्रिल्स पर ताले हैं। कहीं भी फायर एक्सटिंग्विशर दिखाई नहीं दिए। चार-पाँच मंजिला हॉस्टल भवन में यदि गलती से आग लग जाए, तो उस दुर्घटना की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने हॉस्टल संचालकों को चेतावनी दी कि प्रत्येक कमरे में फायर एक्सटिंग्विशर रखें, स्मोक डिटेक्टर लगाएँ। यदि कोई दुर्घटना हो, तो तुरंत सुरक्षित बाहर निकलने के लिए उचित मार्ग सुनिश्चित करें। दूसरे सीढ़ी मार्ग की संभावना हो तो बनाएँ। अन्यथा सीढ़ीदार लैडर के माध्यम से नीचे उतरने की व्यवस्था करें। बिजली के उपयोग के प्रति सावधानी आवश्यक है।
छात्रावास संचालकों ने आश्वासन दिया कि इन सावधानियों का पालन करेंगे। अवसर पर साइबराबाद हॉस्टल मालिक संघ के अध्यक्ष एवं सचिव अमरनाथ रेड्डी, संचालक करुणाकर, हैद्रा के अतिरिक्त निदेशक वरला पापय्या, आरएफओ जयप्रकाश, डीएफओ यज्ञ नारायण, गौतम, एडीएफओ मोहन राव, एसएफओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



