नेपाल : सुशीला कार्की मंत्रिमंडल का विस्तार, तीन को बनाया गया मंत्री

काठमांडू,नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने सोमवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। नए मंत्रियों के रूप में रामेश्वर खनाल, ओमप्रकाश अर्याल और कुलमान घीसिंग ने शपथ ली थी।
खनाल को वित्त मंत्रालय, अर्याल को गृह मंत्रालय और घीसिंग को ऊर्जा मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अर्याल के पास कानून मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी रहा, जबकि घीसिंग को ऊर्जा के अलावा भौतिक पूर्वाधार, यातायात और शहरी विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी भी दी गई थी।

रामेश्वर खनाल आर्थिक सुधार सुझाव आयोग के अध्यक्ष और पूर्व सचिव रह चुके थे। ओमप्रकाश अर्याल पेशे से वकील रहे। वहीं कुलमान घीसिंग नेपाल विद्युत प्राधिकरण के पूर्व कार्यकारी निदेशक रहे, जिन्हें ओली सरकार ने बर्खास्त कर दिया था। उनका नाम प्रधानमंत्री पद को लेकर भी चर्चा में आया था।
5 मार्च तक चुनाव कराने की चुनौती
राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने शुक्रवार देर रात सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का मुखिया नियुक्त किया था। उन्होंने रविवार को औपचारिक रूप से पदभार संभाला। पहले मंत्रिमंडल विस्तार रविवार को होना था, लेकिन कार्की के व्यस्त कार्यक्रम के कारण इसे सोमवार तक टाल दिया गया।
पूर्व मुख्य न्यायाधीश कार्की के पास 5 मार्च तक नए चुनाव कराने और प्रधानमंत्री पद खाली करने का समय है, ताकि संसद नया प्रधानमंत्री चुन सके।
“सत्ता का स्वाद चखने नहीं आए हैं”
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने पहले संबोधन में कार्की ने कहा कि उनका प्रशासन सत्ता का स्वाद चखने के लिए नहीं, बल्कि देश को स्थिर करने, न्याय की मांगों को पूरा करने और छह महीने के भीतर नए चुनावों की तैयारी के लिए है।
सिंह दरबार में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा—
“मैं और मेरी टीम यहां सत्ता का स्वाद चखने नहीं आए हैं। हम छह महीने से ज्यादा नहीं रुकेंगे। हम नई संसद को जिम्मेदारी सौंप देंगे। आपके सहयोग के बिना हमें सफलता नहीं मिलेगी।”
हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं की जांच
कार्की ने कहा कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाओं की जांच की जाएगी। उन्होंने मृतकों के परिवारों को आश्वासन दिया कि सरकार शवों को उनके गृह जिलों तक पहुंचाने में मदद करेगी और प्रभावितों को सहायता उपलब्ध कराएगी।
79 कैदी भारत-नेपाल सीमा पर पकड़े गए

इस बीच, एक अधिकारी ने बताया कि नेपाल की विभिन्न जेलों से भागे 79 कैदी भारत-नेपाल सीमा पर पकड़े गए। सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने उन्हें भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए विभिन्न चौकियों पर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार कैदियों में दो नाइजीरियाई, एक ब्राजीलियाई और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। ये सभी विदेशी कैदी 29 से 40 वर्ष की आयु वर्ग के बताए जा रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





