केजरीवाल के साथ कोई काम नहीं कर सकता : स्वाति मालीवाल

Ad

नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी से बगावत कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुईं स्वाति मालीवाल ने शनिवार को आरोप लगाया कि उनकी पूर्व पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है और इसके नेता अरविंद केजरीवाल अब पहले जैसे नहीं हैं।

दिल्ली में सत्ता गँवाने के महज एक साल बाद आप को शुक्रवार को उस समय सबसे बड़ा झटका लगा, जब राघव चड्‌ढा और मालीवाल समेत सात राज्यसभा सदस्यों ने एक साथ पार्टी छोड़ दी। बागियों में पार्टी संगठन के अहम चेहरे संदीप पाठक, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, अशोक मित्तल, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी भी शामिल हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद मालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णायक और मजबूत नेतृत्व की तारीफ की।

मालीवाल ने पीटीआई वीडियो से कहा कि मैंने घर छोड़ा, सात साल झुग्गियों में रही, नौकरी छोड़ी और हर आंदोलन में साथ दिया, लेकिन जब केजरीवाल के घर उनके सहयोगी ने मुझ पर हमला किया और मैंने प्राथमिकी दर्ज कराने की कोशिश की, तो मुझे ही दबाया गया। उन्होंने दावा किया कि जब वह शिकायत आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही थीं, तो उन्हें धमकाया और दबाया गया। मालीवाल ने कहा कि दो साल तक मुझ पर मामला वापस लेने का दबाव डाला गया, लेकिन मैं नहीं झुकी। इसी वजह से पार्टी ने संसद में मुझे एक मिनट भी बोलने का मौका नहीं दिया।

आने वाले दिनों में और नेताओं के आप छोड़ने का दावा

मालीवाल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह बदल चुकी है और अब झूठ, भ्रष्टाचार तथा गुंडागर्दी के लिए पहचानी जाती है। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि असली विश्वासघात पार्टी छोड़ना नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों को छोड़ना है। लोग डर से नहीं, केजरीवाल की वजह से पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में और नेता पार्टी छोड़ेंगे। केजरीवाल के बारे में उन्होंने कहा कि उनके साथ कोई भी अच्छा इंसान ज्यादा दिन काम नहीं कर सकता। वह कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं।

मालीवाल ने कहा कि केजरीवाल ने एक समय खुद को आम आदमी के रूप में पेश किया था, लेकिन तब से बहुत कुछ बदल गया है। उन्होंने कहा कि एक वक्त था, जब वह दो रुपये की कलम रखते थे और सादे कपड़े पहनते थे। आज उनका रुतबा ही बदल गया है। मालीवाल ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने कई शीशमहल बनाए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में हार के बाद केजरीवाल पंजाब सरकार को रिमोट कंट्रोल से चला रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और विदेश नीति की सराहना

मालीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार एक निजी एटीएम बन गई है। अवैध रेत खनन और नशे का कारोबार खुलेआम हो रहा है और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब में लोग आप के कामकाज के तरीके से नाखुश हैं। मालीवाल ने कहा कि जो कभी स्कूटर पर आते थे, आज उनके पास बड़े मकान, गाड़ियाँ और कारोबार हैं और यह सब केजरीवाल की छत्रछाया में हो रहा है।

दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में शामिल होने का फैसला उन्होंने सोच-समझकर लिया, न कि मजबूरी में। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में उन्होंने कहा कि उनके (प्रधानमंत्री) नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और उनकी कूटनीति की वजह से दुनिया में देश मजबूत होकर उभरा है। प्रवर्तन निदेशालय-केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के डर से पाला बदलने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि मैं डरने वालों में से नहीं हूँ। मैं पूरे दिल से भाजपा में शामिल हुई हूँ। अगर चाहती तो दो साल पहले ही जा सकती थी। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button