नोबेल शांति पुरस्कार-2025 : निष्पक्षता पर क्यों उठ रहे हैं सवाल ?

यूरोपीय मीडिया जैसे द गार्जियन और राइर्ट्स में जिस तरह से पुरस्कार की घोषणा के पहले ही मचादो को पुरस्कार मिलने की इनसाइट जानकारियां लीक हुईं थीं, उसके बाद से लगने लगा है कि यह एक बहुत बड़ा ऑनलाइन जुआ साबित हुआ है। जिस तरह से अंतिम घड़ियों पर मचादो के नाम पर भारी दांव लगे थे, वह एक तरह के अपराध की आशंका जताता है। कुल मिलाकर मारिया कोरिना मचादो को मिला इस साल का नोबेल शांति पुरस्कार एक व्यक्ति से कहीं ज्यादा एक संस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रहा है।

दस अक्तूबर 2025 को जैसे ही नार्वेजियन नोबेल समिति द्वारा इस वर्ष के नोबेल शांति पुरस्कार दिये जाने की घोषणा वैनेजुएला की प्रमुख विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचादो को हुई, वैसे ही सोशल मीडिया में विरोध का तूफान उठ खड़ा हुआ। नोबेल समिति ने मचादो को यह पुरस्कार देने की वजह यह बतायी थी कि मचादो वैनेजुएला में लोकतांत्रिक अधिकारों को बढ़ावा देने, तानाशाही के शासन से शांतिपूर्ण ढंग से निपटने और संक्रमण के संघर्ष को आगे बढ़ाने में जुटी हुई है।

बावजूद इसके जिस तरह उन्हें 2024 में वैनेजुएला के उच्चतम न्यायालय द्वारा 15 वर्षों के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित कर दिया गया, वह उनके साथ हुई राजनीतिक ज्यादती थी। फिर भी मचादो ने जिस तरह देश के भीतर रहकर संघर्ष किया, वह उन्हें पुरस्कार देने के सर्वथा योग्य बनाता है। लेकिन इस पुरस्कार की घोषणा के तुरंत बाद अगर कुछ लोगों ने इस निर्णय पर सवाल उठाया, तो उनका तर्क यह था कि वास्तव में नोबेल पुरस्कार समिति द्वारा मचादो को दिया गया शांति पुरस्कार, शांति के उद्देश्यों से मेल नहीं खाता बल्कि यह एक दक्षिणपंथी शख्सियत को राजनीतिक उद्देश्यों के लिए दिया गया पुरस्कार है और इसके पीछे एक खास तरह की राजनीति शामिल है।

मचादो का पुरस्कार और गोपनीयता पर विवाद

दरअसल मचादो इसलिए भी घोषणा के साथ ही विवाद का विषय बन गईं, क्योंकि उन्होंने डोनल्ड ट्रंप की प्रशंसा करते हुए न केवल उन्हें एक विजनरी विश्व नेता बताया था बल्कि उन्हें अपने आंदोलन का सहयोगी भी करार दिया था। इसके अलावा नोबेल समिति के इस निर्णय पर इसलिए भी आलोचनाओं की बाढ़ आ गई, क्योंकि मचादो को पुरस्कार दिया जाना, एक शर्तिया लीकेज की बात थी।

दरअसल कई मंचों पर पुरस्कार की घोषणा के पहले ही दावा किया जा रहा था कि मारिया कोरिना मचादो इस साल का नोबेल शांति पुरस्कार पाने जा रही हैं और यह भी चर्चा है कि इस दावे पर बहुत बड़े-बड़े ऑनलाइन दांव भी लगे थे। लब्बोलुआब यह कि समूची चयन प्रक्रिया की गोपनीयता पर जबर्दस्त सवाल उठाये गये। विरोध की इस पृष्ठभूमि में हमें यह भी देखना होगा कि महज ये कुछ बातें ही इस त्वरित विरोध का कारण नहीं थीं बल्कि मचादो की दक्षिणपंथी राजनीतिक वैचारिकता भी इसका बहुत बड़ा कारण थी, जिसके तहत उन्होंने अपने किसी वक्तव्य में अर्जेंटीना को अपने देश वैनेजुएला पर हमला तक करने के लिए आह्वान किया था।

मचादो का नोबेल पुरस्कार और विवादित राजनीतिक दृष्टि

ऐसे दावे सोशल मीडिया में खूब किये जा रहे हैं और यह बात तो तय ही है कि मचादो न केवल इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की समर्थक हैं बल्कि वह इजराइल की लिक्विड पार्टी की भी घोर समर्थक हैं। माना जाता है कि नोबेल शांति पुरस्कार मूलरूप से उन प्रयासों को पुरस्कृत करने की कोशिश होती है, जो हिंसा को कम करे और संघर्षों के शांतिपूर्ण निपटारे का माहौल बनाएं। साथ ही इस सबके बीच हर तरह के युद्ध के माहौल को रोकें। लेकिन मचादो का संघर्ष मूलतः राजनीतिक और लोकतांत्रिक संघर्ष के साथ-साथ यह एक खास विचारधारा के लिए आह्वान किया जाने वाला संघर्ष है।

माना जा रहा है कि मचादो के नागरिक अधिकार एक खास तरह की विचारधारा से प्रेरित नागरिक अधिकार हैं, जो दुनिया के लिए निष्पक्ष रूप से शांति की कामना नहीं करते। मतलब यह कि मचादो शांति के संघर्ष में नहीं बल्कि शक्ति संघर्ष की राजनीतिक लड़ाई का हिस्सा हैं। वह केवल शांति मध्यस्थता या संघर्ष मुक्ति की भूमिका में खरी नहीं उतरतीं बल्कि अपने विरोधियों को वह कड़ाई से निपटाने की मंशा भी रखती हैं। कुल मिलाकर मचादो को शांति के नाम पर दिया जा रहा यह पुरस्कार एक खास किस्म की राजनीति को बढ़ावा देने का काम करता है।

विशेष रूप से मचादो को दिया गया नोबेल शांति पुरस्कार उन लोगों को खटकता है, जो दुनिया में नोबेल शांति पुरस्कार ऐसे लोगों को देते देखना चाहते हैं, जो दुनियाभर में राजनीतिक संघर्षों को खत्म करने, परमाणु निरस्त्रीकरण के प्रयासों को जोर देने आदि के लिए जाने जाते हैं। जबकि मारिया कोरिना मचादो इस सबसे अलग एक स्पष्ट राजनीतिक विचारधारा की वकालत करने वाली और अपनी शर्तों के शांति संघर्ष को ही मान्यता देती हैं।

यह भी पढ़ें… फिर चुनावों का मौसम, फिर मिलेगा रोजगार!

मचादो पर राजनीतिक पक्षपात के आरोप तेज़

इसलिए दुनिया में बहुत बड़ी संख्या में ऐसे लोगों को मचादो को दिया गया पुरस्कार दक्षिणपंथी राजनीति को बढ़ावा देने की कोशिश लगता है, जो विशेष रूप से एकतरफा विचार वाली राजनीति या संघर्ष को मान्यता नहीं देते। सबसे बड़ी बात यह है कि मचादो ने जिस तरह से अपने खुद के देश पर विदेशी हस्तेक्षप की वकालत की है या कठोर आर्थिक प्रतिबंधों की मांग की है, वह भी उनके विरोध का एक बड़ा कारण है।

माना जा रहा है कि मचादो एक खास विचारधारा से प्रेरित होकर अपने ही देशवासियों के लिए सामाजिक व आर्थिक दबाव की स्थितियां पैदा कर रही हैं, जो अपने आपमें एक खास तरह की हिंसा ही है। इसलिए बड़े पैमाने पर लोग मचादो को नोबेल शांति पुरस्कार दिये जाने का विरोध कर रहे हैं।वास्तव में मारिया कोरिना मचादो ने सार्वजनिक रूप से डोनल्ड ट्रंप की प्रशंसा की है और उन्हें दुनिया का विजनरी नेता कहा है।

जबकि डोनल्ड ट्रंप पर दुनिया के कई देशों और राजनेताओं को धमकी देने का आरोप लगता है। यही नहीं मचादो ने अपने संघर्ष के लिए जिस तरह से ट्रंप के समर्थन की निर्णायक मांग की है, उससे खुद उनके देश के लोग उनका विरोध कर रहे हैं। लोगों को लगता है ट्रंप जो कि खुद अनेक विवादास्पद नीतियों और घटनाओं में संलिप्त हैं, उनकी कोई अंधभक्त कैसे निर्विवाद हो सकती है?

लोगों को लगता है जो शख्स दुनिया के सबसे विवादास्पद राजनेताओं में से एक डोनल्ड ट्रंप को शांति का दूत करार देता हो, वह राजनीतिक रूप से निष्पक्ष कैसे हो सकता है? यही वजह है कि जैसे ही नोबेल समिति ने मचादो को इस वर्ष के नोबेल शांति पुरस्कार दिये जाने की घोषणा की कि लोग उनका विरोध करने लगे।

नोबेल चयन पर निष्पक्षता के सवाल तेज़

मचादो को पुरस्कार देने के कारण नार्वेजियन नोबेल समिति की गोपनीयता भी दांव पर लग चुकी है। जैसा कि हम सब जानते हैं नोबेल चयन प्रक्रिया बेहद गोपनीय होती है। इस संबंध में घोषणा किये जाने के पहले नामांकन, चर्चा, मत विभाजन आदि अंदरूनी गतिविधियों पर सार्वजनिक चर्चाएं नहीं होतीं। लेकिन इस वर्ष नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा से पहले ही ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म पर मचादो की अचानक दावेदारी पर बहुत जोर दिया गया था। यही कारण है कि लोगों ने उन पर भारी-भरकम दांव लगा रखे थे। अंत में जिस तरह से मचादो को पुरस्कार मिलने की तथाकथित अफवाह सच्चाई में बदल गई, तो लोगों का गुस्सा फट पड़ा।

यूरोपीय मीडिया जैसे द गार्जियन और राइर्ट्स में जिस तरह से पुरस्कार की घोषणा के पहले ही मचादो को पुरस्कार मिलने की इनसाइट जानकारियां लीक हुईं थीं, उसके बाद से लगने लगा है कि यह एक बहुत बड़ा ऑनलाइन जुआ साबित हुआ है। जिस तरह से अंतिम घड़ियों पर मचादो के नाम पर भारी दांव लगे थे, वह एक तरह के अपराध की आशंका जताता है।

-लोकमित्र गौतम
-लोकमित्र गौतम

कुल मिलाकर मारिया कोरिना मचादो को मिला इस साल का नोबेल शांति पुरस्कार एक व्यक्ति से कहीं ज्यादा एक संस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रहा है। चूंकि मचादो को मिला पुरस्कार शांति की जगह राजनीतिक संघर्ष को दिया गया पुरस्कार लगता है, इसलिए भी इसकी तीखी आलोचना हो रही है। इस तरह देखा जाए तो यह पहला ऐसा मौका है, जब खुलकर नोबेल समिति की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button