लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित न होना लोकतंत्र के लिए काला दिन : किशन रेड्डी
हैदराबाद, केंद्रीय कोयला व खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने महिलाओ को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन बिल के लोकसभा में गिरने पर चिंता जताते हुए कहा कि आज भारत के लोकतंत्र के लिए काला दिन है।
किशन रेड्डी ने कहा कि बिल का विरोध कर काग्रेस पार्टी ने देश की महिलाओं को वह प्रतिनिधित्व व सम्मान देने से इनकार कर दिया, जिसकी वह हकदार है। उन्होंने कहा कि भारत और पूरे देश की महिलाएँ देख रही हैं कि उनकी आकांक्षाओं को किस प्रकार कमजोर किया जा रहा है। महिलाएं इनकी जवाबदेही तय करेंगी। उन्होंने कहा कि यह क्षण एकता और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए साझा प्रतिबद्धता का आह्वान करता है।
यह भी पढ़ें… वैज्ञानिक तरीकों से होगी कालेश्वरम बैराजों की मरम्मत : उत्तम कुमार रेड्डी
इतिहास में महिला द्रोही के रूप में जानी जाएगी कांग्रेस : रामचंदर
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के पारित नहीं होने का श्रेय कांग्रेस को दिया। उन्होंने कहा कि इतिहास में कांग्रेस महिला द्रोही के रूप में जानी जाएगी। रामचंदर राव ने कहा कि महिलाओं के आत्मसम्मान को ठेस पहुँचाने, उनके उत्थान की राह में रोड़े अटकाने वाली कांग्रेस के कृत्य से महिला आरक्षण बिल पारित नहीं हो सका। इसलिए लोकतंत्र के इतिहास में आज काला दिवस है।
महिलाओं का श्राप कांग्रेस को अवश्य लगेगा, क्योंकि महिला आरक्षण बिल के पारित नहीं होने का पाप कांग्रेस के सिर पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अर्थ ही परिवारवाद है। इसमें महिला का अर्थ केवल गांधी परिवार से आने वाली पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, सांसद सोनिया गांधी, सांसद प्रियंका गांधी ही हैं। इन्हीं को मात्र सत्ता में स्थान मिले, किसी गरीब सामान्य परिवार से आने वाली महिलाओं को नेतृत्व से दूर रखा जाए, आज इनकी यह नीयत जगजाहिर हो चुकी है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि बिल को पारित होने से रोकने वाली कांग्रेस को हर गाँव से बाहर किया जाए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






