ओडिशा पुलिस ने किया अंतरराज्यीय नौकरी गिरोह के आरोपी को बिहार से गिरफ्तार
भुवनेश्वर, ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने अंतरराज्यीय नौकरी गिरोह में कथित संलिप्तता के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान बिहार निवासी गौतम कुमार के रुप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि गौतम को 11 दिसंबर को नयी दिल्ली के रोहिणी से गिरफ्तार किया गया था और राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद उसे ओडिशा लाया गया था।
अधिकारी ने सोमवार को बताया कि ईओडब्ल्यू अधिकारी सोमवार को उसे कटक की एक विशेष अदालत में पेश करने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन अन्य आरोपियों–धर्मपाल सिंह, अमित सिंह और जयराम तिवारी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। दिसंबर 2022 में ग्रामीण रोजगार कल्याण संस्थान (जीआरकेएस) नामक एक फर्जी संगठन द्वारा एक स्थानीय दैनिक समाचार पत्र में विज्ञापन प्रकाशित किये जाने के बाद ईओडब्ल्यू ने इस विषय का स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की थी।
नौकरी घोटाले में 3.48 करोड़ रुपये का खुलासा
जांचकर्ताओं के अनुसार, विज्ञापन में जिला और प्रखंड समन्वयक, कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रखंड सर्वेक्षणकर्ता जैसे विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता और वेतन का उल्लेख किया गया था। अधिकारी ने बताया कि संगठन ने अपनी वेबसाइट के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए थे, जिसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए 170 रुपये और सामान्य श्रेणी के आवेदकों के लिए 320 रुपये का आवेदन शुल्क लिया गया था।
अधिकारी ने बताया कि अब तक जीआरकेएस खाते में लगभग 3.48 करोड़ रुपये होने का पता चल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि गौतम कुमार को संगठन में कौशल विकासकर्ता के रूप में पेश किया गया था तथा उसे जीआरकेएस खाते से 69.20 लाख रुपये मिले थे। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



