जूनियर विश्व कप के लिए भारत आएगा पाक
राजगीर (बिहार), हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने शनिवार को पुष्टि की कि पाकिस्तान इस साल के अंत में एफआईएच जूनियर विश्व कप में भाग लेने के लिए भारत आएगा। दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष के बाद सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए पाकिस्तान ने बिहार में चल रहे एशिया कप से हटने का फैसला किया।
इससे यह संदेह पैदा हो गया था कि पाकिस्तान नवंबर-दिसंबर में चेन्नई और मदुरै में होने वाले जूनियर विश्व कप में भाग लेगा या नहीं। भोलानाथ ने कहा कि पाकिस्तानी टीम जूनियर विश्व कप के लिए भारत आ रही है। उन्होंने कल रात हमें इसकी पुष्टि की। एशिया कप से हटने के बाद मैंने उनसे उनकी उपलब्धता के बारे में पूछा था। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।
भारत-पाक द्विपक्षीय खेलों पर रोक, अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को मंजूरी
भोलानाथ ने कहा कि 24 देशों में से हमें 23 देशों की सूची मिल गई है। सिर्फ पाकिस्तान ही बचा है, जिसकी सूची हमें एक-दो दिन में मिलने की उम्मीद है। भारत सरकार ने हाल में एक नीति बनाई है कि वह पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय खेल संबंध नहीं रखेंगे, लेकिन भारत की टीमों को बहुराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पाकिस्तान के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने से नहीं रोका जाएगा।
भोलानाथ ने कहा कि मैं इस बारे में पूरी तरह स्पष्ट हूँ कि ओलंपिक चार्टर हमें जो भी निर्देश देगा, सरकार और हॉकी इंडिया उसका पालन करेंगे और उसे पूरा करेंगे। भारत सरकार इस बारे में भी स्पष्ट है कि पाकिस्तान किसी भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ खेल सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनके वीजा को भी मंजूरी दे दी, लेकिन अब पाकिस्तान क्यों नहीं आया, यह तो केवल वे ही जानते हैं।
यह भी पढ़े : भारत-जापान मुकाबला : जीत के लिए सर्वोच्च प्रदर्शन जरूरी
हॉकी इंडिया के शीर्ष अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि एफआईएच प्रो लीग एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है और अगर जरूरत पड़ी तो भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ खेलेगी। पाकिस्तान ने 2025-26 एफआईएच प्रो लीग में न्यूजीलैंड की जगह ले ली है। भोलानाथ ने कहा कि अगर वे एफआईएच प्रो लीग में हमारे पूल में हैं और अगर हमारा मैच पाकिस्तान से है, तो हम उनके साथ क्यों नहीं खेलेंगे? यह अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





