पीएनबी हैदराबाद में राजभाषा कार्यशाला ने बढ़ाई हिन्दी सशक्तता
हैदराबाद, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी), अंचल कार्यालय, हैदराबाद द्वारा बेहतर राजभाषा क्रियान्वयन के उद्देश्य से जन से प्रशासन तक हिन्दी विषय पर राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया। अवसर पर अध्यक्षीय उद्बोधन में अंचल प्रबन्धक वन्दना पाण्डेय ने कहा कि जन से प्रशासन तक हिन्दी जैसे व्यापक एवं महत्वपूर्ण विषय पर कार्यशाला समाज से लेकर प्रशासन तक हिन्दी की जीवंतता, उसके लचीलेपन और इसके प्रभाव एवं विस्तार को दर्शाती है।
यह हम सभी के लिए प्रसन्नता का विषय है कि द हिन्दू बिजनेस लाइन के असोसियट एडिटर शिशिर सिन्हा विषय पर व्याख्यान देने के लिए हमारे बीच आभासी माध्यम से उपस्थित हैं। उप अंचल प्रबन्धक संजय माने ने विशिष्ट वक्ता शिशिर सिन्हा का औपचारिक स्वागत करते हुए कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं होती, बल्कि वह समाज और प्रशासन के बीच विश्वास, पारदर्शिता और सहभागिता की सेतु भी होती है। कार्यशाला का उद्देश्य यही है कि हम सब वक्ता के व्यावहरिक अनुभव को कार्यालयीन जीवन में उतार कर इसकी प्रभाविकता को समझ सकें।
यह भी पढ़ें… डॉ. अयनापुरम अनुराग रेड्डी ने स्थापित की बुग्गा क्लीनिक
शिशिर सिन्हा ने पीपीटी प्रस्तुति में नई जानकारियाँ दीं
विशिष्ट वक्ता शिशिर सिन्हा ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से श्रोताओं को नई जानकारियाँ दीं। प्रभावी अभिव्यक्ति के लिए हिन्दी में विभिन्न भाषाओं के शब्दों को शामिल करने पर ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह योग भाषा की शक्ति बढ़ाने के उद्देश्य से होना चाहिए। धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सहायक महाप्रबंधक सी.वी. वासुदेव रॉय ने विशिष्ट वक्ता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आज का व्याख्यान हम सभी के लिए हिन्दी की भूमिका को नए सिरे से समझने में सहायक होगा।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन मुख्य प्रबन्धक (राजभाषा) डॉ. साकेत सहाय द्वारा किया गया। उन्होंने विषय के बारे में परिचयात्मक जानकारी प्रस्तुत करते हुए कहा कि हिन्दी का सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक विस्तार व्यापक है। अवसर पर आयोजित ऑनलाइन प्रश्न मंच प्रतियोगिता के विजेताओं को अंचल प्रबन्धक द्वारा पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं में सहायक महाप्रबंधक श्यामा कुमार, मुख्य प्रबन्धक नरेन दत्ता, वरिष्ठ प्रबन्धक वी. करुणा व अन्य शामिल रहे। कार्यशाला में 36 से अधिक स्टाफ सदस्यों की उपस्थिति रही।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



