बंडी संजय के बेटे पर POCSO केस, तेलंगाना में मचा सियासी बवाल

हैदराबाद, बंडी संजय कुमार के बेटे बंडी भागीरथ से जुड़ा मामला तेलंगाना में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का केंद्र बन गया है। एक ओर भागीरथ ने हैदराबाद के एक परिवार पर ‘हनी ट्रैप’ और 5 करोड़ रुपये की कथित उगाही की कोशिश का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर लड़की के परिवार ने उसके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

बंडी संजय के बेटे बंडी संजय साई भागीरथ के खिलाफ हैदराबाद में POCSO अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने से तेलंगाना की राजनीति में हलचल मच गई है। तेलंगाना पुलिस ने शुक्रवार, 8 मई को यह कार्रवाई एक नाबालिग लड़की की शिकायत के आधार पर की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामला हैदराबाद के पेट बशीराबाद पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 75 तथा POCSO अधिनियम की धारा 11 और 12 के तहत दर्ज किया गया है। शिकायत में लगभग 17 वर्षीय लड़की ने आरोप लगाया है कि उसे शराब पिलाने के बाद शहर के बाहरी इलाके स्थित एक फार्महाउस में दो अलग-अलग मौकों पर यौन उत्पीड़न का शिकार बनाया गया।

मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि यह विवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10 मई को प्रस्तावित हैदराबाद जनसभा से ठीक पहले सामने आया है।

भागीरथ की पलटवार शिकायत

इसी बीच बंडी संजय साई भागीरथ ने भी करीमनगर के टू टाउन पुलिस स्टेशन में एक अलग शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में उन्होंने नाबालिग लड़की और उसके माता-पिता पर डराने-धमकाने, दबाव बनाने और जबरन वसूली की कोशिश करने के आरोप लगाए हैं।

भागीरथ ने दावा किया कि उसकी और लड़की की पहचान आपसी दोस्तों के माध्यम से हुई थी और समय के साथ दोनों परिवारों के बीच घनिष्ठ संबंध बन गए थे। उसने कहा कि दोनों परिवार विजयवाड़ा, अरुणाचलम और तिरुमाला जैसे धार्मिक स्थलों की यात्राओं पर भी साथ गए थे।

शिकायत में भागीरथ ने आरोप लगाया कि बाद में लड़की के परिवार ने उस पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया। मना करने पर उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराने की धमकी दी गई। उसने यह भी कहा कि उसने एक बार लड़की के पिता को 50 हजार रुपये दिए थे, लेकिन बाद में परिवार ने कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की मांग की।

भागीरथ के अनुसार, लड़की की मां ने पैसे नहीं देने पर आत्महत्या करने की धमकी भी दी थी। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसके कुछ दोस्तों को भी इसी परिवार के साथ इसी प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा था और इस संबंध में अप्रैल 2026 में आदिलाबाद जिले के निर्मल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पुराना विवादित वीडियो फिर चर्चा में

इस पूरे घटनाक्रम के बीच बंडी साई भागीरथ का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रहा है। यह वीडियो महिंद्रा यूनिवर्सिटी में छात्रों के बीच हुई कथित मारपीट की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button