गुंतकल डिवीजन ने रेनिगुंटा-अगरतला पार्सल कार्गो एक्सप्रेस शुरू की

हैदराबाद, माल ढुलाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दक्षिण मध्य रेलवे के गुंतकल डिवीजन द्वारा रेनिगुंटा-निश्चिंतपुर (अगरतला) के बीच पार्सल कार्गो एक्सप्रेस शुरू की गई।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हाल के वर्षों में रायलसीमा क्षेत्र विशेष रूप से रेनिगुंटा और इसके उपनगरीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कृषि उत्पादों की खेती की जा रही है। बेहतर बाजार उपलब्धता और बेहतर कीमत प्राप्त करने के लिए कृषि उत्पादों को लंबी दूरी तक परिवहन करना अनिवार्य है। सड़क परिवहन समय लेने वाला और अपेक्षाकृत महंगा है। इस कड़ी में व्यापारियों और कृषि उत्पादकों की सहायता के लिए दक्षिण मध्य रेलवे के गुंतकल डिवीजन ने छह वर्षों की संविदा अवधि के लिए पार्सल कार्गो एक्सप्रेस शुरू करने की पहल की। इस सेवा से पूरे अनुबंध अवधि के दौरान लगभग 54 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें… एग्जीक्यूटिव एमबीए हेतु यूओएच ने माँगे आवेदन
मिर्च, टायर और एफएमसीजी उत्पादों की होगी ढुलाई
जानकारी देते हुए बताया गया कि यह ट्रेन मुख्य रूप से लंबी दूरी के क्षेत्रों में तेजी से बिकने वाले उपभोक्ता सामान तथा कृषि उत्पादों के परिवहन के लिए बनाई गई है, ताकि कुशल रेल लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के माध्यम से बढ़ती बाजार माँग को पूरा किया जा सके। भविष्य में मिर्च, एमआरएफ टायर, आईटीसी उत्पाद, कैडबरी कन्फेक्शनरी, किम्बर्ली क्लार्क उत्पाद, एनरलाइफ उत्पाद और परफेटी उपभोक्ता सामान जैसी प्रमुख वस्तुओं और औद्योगिक उत्पादों का परिवहन होने की संभावना है।
यह कार्गो सेवा दक्षिण भारत और कोलकाता, सिलचर, गुवाहाटी और अगरतला जैसे प्रमुख वाणिज्यिक केंद्रों के बीच निर्बाध संपर्क प्रदान करेगी, जिससे पूरे देश में पार्सल और कार्गो की आवाजाही तेज और किफायती हो सकेगी। दमरे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने पार्सल कार्गो एक्सप्रेस सेवा के शुभारंभ में गुंतकल डिवीजन टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्सल कार्गो एक्सप्रेस का शुभारंभ माल ढुलाई व्यवसाय को बढ़ावा देने और लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा व्यापारियों और उद्योगों के लिए एक विश्वसनीय और किफायती परिवहन समाधान प्रदान करते हुए जोन में रेल माल ढुलाई यातायात की वृद्धि में योगदान देगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



