देश भर में गरीबों को मिले बारिक चावल : मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय मंत्री से वर्ष 2024-25 रबी मौसम के लिए उबले चावल के कोटे में 10 लाख मीट्रिक टन और बढ़ोतरी करने की अपील की। उन्होंने जन वितरण प्रणाली के तहत आपूर्ति किए जाने वाले लेवी चावल से जुड़ी 1,468 करोड़ रुपये की लंबित सब्सिडी राशि तथा प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना के पांचवें चरण से संबंधित 343.27 करोड़ रुपये की लंबित सब्सिडी जारी करने का आग्रह भी किया। उन्होंने राज्य में गोदामों की क्षमता को बढ़ाने में राज्य को मदद करने तथा 2025-26 में अनाज खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 80 लाख मीट्रिक टन करने की अपील की।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार के सभी अनुरोधों पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। उन्होंने राज्य को सलाह दी कि मिलिंग के लिए कच्चे चावल की किस्मों की खेती को बढ़ावा दिया जाए, क्योंकि पूरे देश में उबले हुए चावल की ज़रूरत कम हो गई है। उन्होंने धान के निर्यात अवसरों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह भी दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना में गरीब परिवारों के लिए लागू की गयी बारिक चावल वितरण सफल रहा है। उन्होंने बताया कि तेलंगाना में राशन की दुकानों के ज़रिए बारिक चावल का वितरण किया जा रहा है, जो किसी भी अन्य राज्य में नहीं है।
यह भी पढ़ें… अंबेडकर विश्वविद्यालय को बनाएँगे नॉलेज हब : मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
जन वितरण प्रणाली में बारिक चावल योजना से कीमतें स्थिर हुईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के लागू होने के बाद से जन वितरण प्रणाली चावल की रीसाइक्लिंग कम हुई है और खुले बाजार में कीमतें स्थिर हो गई हैं। लोगों को ऐसा चावल बांटा जा रहा है जिसे वे खा सकें और इसके चलते योजना का लक्ष्य हासिल किया गया है। उन्होंने केंद्रीय खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रहलाद जोशी को सुझाव दिया कि केंद्र सरकार को भी पूरे देश में गरीब परिवारों के लिए बारिक चावल वितरण योजना लागू करने के बारे में विचार करना चाहिए।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने मीडिया को बताया कि केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूरे देश में बारिक चावल वितरण करने पर अध्ययन के बाद निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गुरुवार सुबह हैदराबाद पहुंचे केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात की। इस बैठक में सीएम के साथ मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी, सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव और संबंधित उच्च अधिकारी शामिल हुए। इस मौके पर रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार से राज्य से संबंधित विभिन्न मुद्दों का जिक्र किया और केंद्र की ओर से पूरा सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



