राष्ट्रपति का स्लोवाकिया-भारत बिजनेस फोरम में संबोधन
नई दिल्ली, स्लोवाकिया यात्रा के दूसरे दिन (10 अप्रैल, 2025) भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ब्रातिस्लावा में आयोजित स्लोवाकिया-इंडिया बिजनेस फोरम को संबोधित किया। उन्होंने भारत और स्लोवाकिया के मजबूत ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को रेखांकित करते हुए व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग के विस्तार की अपील की। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने स्लोवाक कंपनियों को भारत की ‘मेक इन इंडिया’ पहल में भाग लेने का निमंत्रण दिया और दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर बल दिया।

जगुआर लैंड रोवर फैक्ट्री और पेंटिंग प्रदर्शनी का किया दौरा
राष्ट्रपति ने नाइट्रा स्थित कॉन्स्टेंटाइन द फिलॉसफर यूनिवर्सिटी में सम्मान समारोह में भाग लिया, जहां उन्हें मानद डॉक्टरेट उपाधि से नवाजा गया। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा को भारत की विकास रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। इसके बाद राष्ट्रपति ने जगुआर लैंड रोवर की फैक्ट्री का भ्रमण किया और स्लोवाक बच्चों की बनाई गई पेंटिंग प्रदर्शनी व रामायण आधारित कठपुतली शो भी देखा।

ब्रातिस्लावा कैसल में राष्ट्रपति के सम्मान में भव्य रात्रिभोज
यात्रा के खास अवसर पर राष्ट्रपति ने ब्रातिस्लावा कैसल में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भाग लिया। इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को विशेष बना दिया। अपने भोज भाषण में राष्ट्रपति मुर्मु ने स्लोवाकिया की सरकार और जनता को गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि भारत और स्लोवाकिया के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्ते भविष्य में और मजबूत होंगे। राष्ट्रपति की यह यात्रा दोनों देशों के बीच बहुआयामी सहयोग के नए द्वार खोलने वाली साबित हुई।

राष्ट्रपति ने कहा कि भले ही भारत आधुनिकता और प्रौद्योगिकी को अपना रहा है, लेकिन हमारी प्रगति हमारी प्राचीन दार्शनिक परंपराओं के ज्ञान में गहराई से निहित है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सेंट कॉन्स्टेंटाइन सिरिल के कार्यों ने स्लाव भाषाई और सांस्कृतिक पहचान की नींव रखी, उसी तरह भारतीय दार्शनिक परंपराओं ने लंबे समय से हमारे समाज के बौद्धिक और आध्यात्मिक ताने-बाने को आकार दिया है।( PIB)
यह भी पढ़ें — सफल व्यक्ति बनने से ज्यादा महत्वपूर्ण है अच्छा व्यक्ति बनना -राष्ट्रपति मुर्मु
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



