राजस्थान सरकार 15 दिन का सड़क सुरक्षा अभियान चलाएगी

जयपुर, राजस्थाना के फलोदी और जयपुर में लगातार दो भीषण सड़क हादसों में कम से कम 29 लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार से 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है।

https://twitter.com/BhajanlalBjp/status/1985390999422771292

मुख्यमंत्री ने कहा है कि यातायात नियमों की पालन सुनिश्चित करवाने के साथ ही दुर्घटनाओं में जनहानि को रोकने के लिए सभी संबंधित विभाग मिलकर काम करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि समय पर कार्रवाई नहीं करने वाले विभागीय अधिकारियों, कार्मिकों के खिलाफ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत कार्रवाई होगी। शर्मा ने सोमवार देर रात यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।

जिलाधिकारियों को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक नियमित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने मंगलवार (चार नवंबर) से सड़क सुरक्षा अभियान चलाने का निर्देश दिया। आधिकारिक बयान के अनुसार शर्मा ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठक नहीं लेने वाले जिलाधिकारियों से जवाब लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी वाहन लाइसेंस नवीनीकरण के समय प्रस्तुत की जाने वाली आंखों की जांच रिपोर्ट गलत पाए जाने पर उसे जारी करने वाले संबंधित डॉक्टर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने परिवहन और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरस्पीड (तय गति सीमा से अधिक गति से गाड़ी चलाने) के मामले में बार-बार चालान होने पर वाहन चालक का लाइसेंस निरस्त किया जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत प्रदेश में चिह्नित ब्लैक स्पॉट को शीघ्र ठीक करवाने एवं राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर अवैध कट को शीघ्र बंद करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।

घायलों को एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से पहुंचाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जयपुर-कोटा, जयपुर-दिल्ली, जयपुर-अजमेर व जयपुर-भरतपुर राजमार्ग पर वाहन चालकों के आराम करने के लिए नए आरामस्थलों के वास्ते जमीन चिह्नित कर बनवाने के निर्देश दिए। आधिकारिक बयान के अनुसार शर्मा ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को राजस्थान में भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग और दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारा के किनारे समस्त अवैध निर्माण को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े: मरीजों को राज्य से बाहर रेफर करने से बचें चिकित्सक : त्रिपुरा मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजमार्ग पर तय स्थानों को छोड़कर वाहन रोकने वाले चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों की निगरानी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारी करें। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस के जरिए अस्पताल तक पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलाधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक अवैध कट को बंद कराने के लिए विशेष कार्रवाई करें। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button