तेलंगाना आंदोलनकारियों को भूमि देने का वादा निभाएँ रेवंत : कविता
हैदराबाद, तेलंगाना जागृति की संस्थापक व विधान परिषद सदस्य के. कविता ने तेलंगाना आंदोलनकारियों को 250 गज भूमि देने के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार द्वारा किए गए वादों की याद दिलाते हुए सरकार से तुरंत वादा निभाने की माँग की।
करीमनगर के मानकोंडूरू में तेलंगाना आंदोलनकारियों के साथ जबरन सरकारी भूमि पर झोंपड़ियाँ बसाकर उसमें दूध उबाला और आवास निर्माण हेतु भूमि पूजा कर वंटा वार्पू (रसोई पकाना) कार्यक्रम के बाद मीडिया को एमएलसी कविता ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के पक्ष में जागृति का भूमि आंदोलन जारी रहेगा।
कविता ने कहा कि सरकार ने आंदोलनकारियों को न केवल 250 गज भूमि देने, बल्कि 25 हजार रुपये पेंशन देने, पहचान पत्र उपलब्ध कराने व आंदोलनकारियों के लिए वेल्फेयर बोर्ड की स्थापना करने का वादा किया था, लेकिन कांग्रेस के सत्ता में आए 2 वर्ष हो चुके हैं, अभी तक वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने सरकार से तुरंत वादे पूरे करने की माँग करते हुए कहा कि हर जिले में तेलंगाना आंदोलनकारियों ने विभिन्न मंचों से माँगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें… एसीबी ने वर्ष भर में दर्ज किए 199 मामले 273 गिरफ्तारियां
तेलंगाना जागृति उनके समर्थन में है। उन्होंने कहा कि मानकोंडूरू के पत्रकारों को तेलंगाना सरकार ने वर्ष 2012 में जमीन देकर फिर से वापस ले लीं। गदवाल, निजामाबाद आदि जिलों में भी इसी प्रकार किया गया है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना आंदोलन के समय आंध्रा प्रबंधकों के विरुद्ध जाकर पत्रकारों ने खबरों के माध्यम से तेलंगाना आंदोलन को हवा दी थी, इसलिए ऐसे पत्रकारों को आवासीय जमीन देना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि हर जिले में भूमि आंदोलन किया जाएगा। जब तक आंदोलनकारियों को न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



