रोबोटिक्स इंजीनियरिंग में है शानदार कॅरियर की गारंटी

ऑटोमेशन और रोबोटिक्स इंजीनियरिंग कॅरियर के लिहाज से ऐसा क्षेत्र है, जहां शानदार और सम्मानित नौकरी की गारंटी है। दरअसल, ऑटोमेशन और रोबोटिक्स इंजीनियरिंग, इंजीनियरिंग की वह शाखा है, जिसमें रोबोट के डिजाइन और निर्माण से संबंधित काम होते है। औद्योगिक स्वचालन से लेकर स्वास्थ्य सेवा तक विभिन्न अनुप्रयोगों के लिए अत्याधुनिक रोबोटों का डिजाइन और विकास करना इस क्षेत्र का प्रमुख का काम है।

यहां ऑटोमेशन एक्सपर्ट कारखानों, गोदामों और दूसरे औद्योगिक स्थानों में स्वचालित प्रणालियों को कुशलता से संचालन के लिए रोबोटिक क्रियाओं में ज़रूरी हेरफेर हेतु कंप्यूटर का उपयोग करते हैं। रोबोटिक्स के क्षेत्र में रोजगार की संभावना बहुत सकारात्मक है। साल 2022 से 2032 तक पूरी दुनिया में इस क्षेत्र के औसतन 10 प्रतिशत सालाना वृद्धि अनुमानित है, जबकि भारत जैसे तेजी से बढ़ती इकॉनमी में यह वृद्धि 20 से 30 फीसदी तक रहने की संभावना है। वास्तव में यह वृद्धि प्रौद्योगिकी में प्रगति और विभिन्न उद्योगों में स्वचालन पर बढ़ती निर्भरता से प्रेरित है।

ऑटोमेशन और रोबोटिक्स इंजीनियर वास्तव में, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, बायोलॉजिकल मैकेनिक्स, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग आदि से प्राप्त ज्ञान का उपयोग स्वचालन इंजीनियरिंग को अत्यधिक कार्यक्षम बनाने के लिए करते हैं। साथ ही ये कारखानों, कार्यालयों और घरों में मानव श्रम की आवश्यकता को कम करने के लिए नियंत्रण प्रणाली और सूचना प्रौद्योगिकी का भी उपयोग करते हैं।

यह भी पढ़ें… जिंदगी में जोक्स जरूरी हैं…!!

रोबोटिक्स और ऑटोमेशन: कॅरियर की नई ऊंचाइयां

ऑटोमेशन और रोबोटिक्स इंजीनियरिंग वास्तव में मानवता के विकास के लिए महत्वपूर्ण हो गयी है। इसलिए यह एक अद्भुत कॅरियर क्षेत्र है। रोबोटिक्स इंजीनियरों के लिए नौकरी की संभावनाएं इसलिए उज्ज्वल हैं, क्योंकि हर उद्योग गुणवत्ता सुधार और लागत प्रभावशीलता के रूप में इसके लाभों को प्राप्त करने के लिए रोबोटिक्स का उपयोग करना चाहता है। भारत में रोबोटिक्स इंजीनियरिंग को एक उच्च-स्तरीय पेशेवर कॅरियर माना जाता है।

रोबोटिक्स इंजीनियरिंग में पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त उम्मीदवार के लिए नौकरी के बहुत सारे अवसर हैं। रोबोटिक इंजीनियर को विनिर्माण संयंत्रों, प्रयोगशालाओं, चिकित्सा क्षेत्रों, खनन, स्वचालन क्षेत्र, जीवन विज्ञान, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, कृषि इंजीनियरिंग आदि में नियोजित किया जा सकता है। यदि उम्मीदवार के पास अच्छे मेरिट रिकॉर्ड हैं, तो वे खुद को शीघ्र ही इन तमाम क्षेत्रों में शीर्ष प्रोफाइल में पा सकते हैं।

एयरोस्पेस– इस श्रेणी में उड़ने वाले रोबोट और स्मार्ट बार्ड रोबोटिक सीगल व रेवेन निगरानी ड्रोन शामिल हैं। इस क्षेत्र में भारी मांग है। एयरोस्पेस में रोबोटिक्स का भविष्य बहुत उज्जवल है।

स्वास्थ्य देखभाल-चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में आजकल बहुत बड़े पैमाने पर रोबोट का उपयोग हो रहा है। चिकित्सा उद्देश्यों के लिए लंबे और चुनौतीपूर्ण महत्वपूर्ण कार्यों और अस्पताल प्रबंधन के लिए उपयोग किए जाने वाले रोबोट की संख्या में अभी भारी वृद्धि की संभावना है।

औद्योगिक विनिर्माण– इस क्षेत्र के लिए ऐसे औद्योगिक रोबोट डिजाइन किये गये हैं जो मैनिपुलेटर की भुजाओं से किसी भी दोहराए जाने वाले काम को आसानी से कर सकते हैं। उन्हें मानव श्रमिकों की जगह आसानी से विस्थापित किया जा सकता है।

आपदा प्रबंधन में रोबोट

ऐसे रोबोट का उपयोग आपातकालीन स्थिति में जीवित बचे लोगों की खोज के लिए किया जाता है, इस प्रकार के रोबोट में भूकंप और सूनामी तथा परमाणु ऊर्जा स्टेशन को ट्रैक करने की क्षमता हो सकती है। इस प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भी रोबोटिक्स का भविष्य बहुत उज्जवल है।

सवाल है, इस समूचे परिदृश्य में भारत में रोबोटिक्स और ऑटोमेशन के क्षेत्र में कैसे कॅरियर बनाएं? चूंकि भारत में रोबोटिक्स और ऑटोमेशन तेजी से बढ़ते हुए सेक्टर्स हैं, खासकर मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, एग्रीकल्चर, लॉजिस्टिक्स और डिफेंस क्षेत्र में। इसलिए इस क्षेत्र में कॅरियर बनाने के लिए यूं सीढ़ी दर सीढ़ी चढ़ें।

ये शैक्षिक योग्यता हासिल करें

बेसिक योग्यता- 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री व मैथ्स ज़रूरी है। ग्रेजुएट डिग्री हेतु अच्छे संस्थानों में प्रवेश के लिए जी मेन और जी एडवांस्ड जैसे एंटेंस एग्जाम देना होगा।

संबंधित डिग्रियाँ
  • बी.टेक/बी.ई. इन रोबोटिक्स इंजीनियरिंग। बी.टेक/बी.ई. इन मेक्ट्रोनिक्स इंजीनियरिंग।
  • बी.टेक/बी.ई.(रोबोटिक्स/ऑटोमेशन में विशेषज्ञता के साथ)।
  • बी.टेक/बी.ई. इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग (ईसीई) में (एआई/रोबोटिक्स में विशेषज्ञता के साथ)।
  • रोबोटिक्स और ऑटोमेशन में एम.टेक/एमएस।
  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स में एम.टेक।
  • रोबोटिक्स और एआई में पीएचडी (अकादमिक और वैज्ञानिक क्षेत्र के लिए)।
पढ़ाई के लिए संस्थान
  • आईआईटी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान)- आईआईटी दिल्ली, आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी कानपुर, आईआईटी मद्रास।
  • आईआईआईटीज (भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) हैदराबाद, बंगलुरु।
  • एमआईटी मणिपाल।
नौकरी के अवसर
  • टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज।
  • इन्फोसिस रोबोटिक्स और एआई प्रभाग।
  • एचसीएल टेक्नोलॉजीज।
  • एल एंड टी रोबोटिक्स और ऑटोमेशन।
  • महिंद्रा रोबोटिक्स।
  • रिलायंस इंडस्ट्रीज।
  • विप्रो रोबोटिक्स।
प्रारंभिक वेतन
  • प्रवेश स्तर (0-2 वर्ष का अनुभव), 5-10 लाख प्रति वर्ष।
  • मध्य स्तर (3-7 वर्ष का अनुभव), 12-25 लाख प्रति वर्ष।
  • वरिष्ठ स्तर (10 वर्ष का अनुभव), 30 लाख प्रति वर्ष।
ज़रूरी स्किल्स
  • एआई और मशीन लर्निंग।
  • 3डी डिजाइनिंग (ऑटोकैड, सॉलिडवर्क्स, कैटिया)।
  • औद्योगिक स्वचालन (पीएलसी, स्काडा, सेंसर, एक्चुएटर्स)।

नरेंद्र कुमार

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button