सैम्युअल वसंत कुमार मेमोरियल बास्केटबाल टूर्नामेंट : एनबीए ने सीसीओबी को दी मात
हैदराबाद, निजाम बास्केटबाल अकादमी (एनबीए) की टीम ने उम्दा शूटिंग का प्रदर्शन कर एकतरफा मैच में सिटी कॉलेज ओल्ड बॉयस (सीसीओबी) टीम को 97-61 से छठी सैम्युअल वसंत कुमार मेमोरियल बास्केटबाल टूर्नामेंट के लीग मैच में हराकर अगले चरण में प्रवेश किया।

यहाँ सिकंदराबाद वाईएमसीए बास्केटबाल मैदान पर जारी टूर्नामेंट के एक मैच में निजाम बास्केटबाल अकादमी ने सिटी कॉलेज ऑल्ड बॉयस को 36 अंकों के अंतर से हराया। मैच के शुरुआत से ही निजाम के खिलाड़ियों ने सुन्दर शूटिंग करते हुए लगभग 12 थ्री प्वाइंट स्कोर किए। बास्केटबाल खेल में थ्री प्वाइंट डालना मुश्किल होता है, क्योंकि गेंद को डी के बाहर से सही दिशा में शूट करना पड़ता है, तभी जाकर तीन अंक प्राप्त होते हैं।
इसको निजाम के खिलाड़ियों ने बखूबी अंजाम दिया। हॉफ टाइम तक निजाम की टीम ने 49-27 से बढ़त बना ली थी। इसके पश्चात पीछे मुड़कर न देखते हुए अच्छे तालमेल के साथ लगातार अंक बटोरते हुए मैच अपने वश में कर लिया। विशेषकर माजिद ने 33, अरविंद ने 27, अभिराम ने 11 एवं कौशिक ने 9 बास्केट किए। सिटी कॉलेज की ओर से मनदीप ने 21 तथा डानयाल ने 18 बास्केट डाले।
यह भी पढ़ें… मेमोरियल पुरुष बास्केटबॉल टूर्नामेंट : वाईएमसीए हैदराबाद ने उद्घाटन मैच जीत दर्ज की
एक अन्य मैच में की स्टोन बास्केटबाल अकादमी ने यंग मेन गिल्ड को चारों खाने चित करते हुए 110-67 से हराया। की स्टोन के खिलाड़ी तेजतर्रार पासेस कर पलक झपकते अंक बटोरते दिखे। हॉफ टाइम तक 58-27 से बढ़त बना ली। हॉफ टाइम के पश्चात यंग मैन के खालड़ी की स्टोन को टक्कर देने में असफल रहे। की स्टोन के युवा खिलाड़ियों ने उम्दा तालमेल का प्रदर्शन कर मैच को आसानी से जीत लिया। वाईएमसीए सिकंदराबाद की टीम ने एसएस बास्केटबाल अकादमी को 90-43 से हराया। (सी. सुधाकर)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



