संस्कृति के `पॉज, ब्रीद, रिलैक्स’ सत्र में दिया गया जीवन में संतुलन का संदेश
हैदराबाद, संस्कृति द्वारा पॉज, ब्रीद, रिलैक्स विषयक सत्र का आयोजन जुबली हिल्स स्थित बैंकवेट बाय जिंदगी में किया गया। वर्ष 2025 की कृतज्ञतापूर्ण विदाई तथा नववर्ष के स्वागत हेतु आयाजित कार्यक्रम में इनर हील थेरेपी की प्रियंका जैन तथा नेहा अग्रवाल ने गुणवत्तापूर्ण जीवन के सूत्र देते हुए कहा कि आज के समय में जब जीवन की गति बहुत तेज हो गई है, पॉज, ब्रीद, और रिलैक्स जैसे शब्द जीवन के आवश्यक संतुलन को बनाए रखने का मंत्र देते हैं।
प्रियंका जैन तथा नेहा अग्रवाल ने सांसों पर ध्यान केंद्रित करने से जुड़े कुछ अभ्यास कराते हुए कहा कि जब हम अपने आपाधापी भरे जीवन में थोड़ा-सा विराम लेते हैं, तो हमें अपने विचारों को समझने का समय मिलता है। साथ ही जीवन को नए दृष्टिकोण से देखने का अवसर प्राप्त होता है। साँस का सीधा अर्थ ही जीवन है। जब हम गहरी साँस का अभ्यास करते हैं, तो जीवन में सकारात्मकता के साथ विचारों की स्पष्टता का संचार होता है। मन को शांत करने से शरीर को तो आराम मिलता ही है, साथ ही मानसिक तथा भावनात्मक विकास को बल मिलता है।
प्रियंका जैन ने कहा कि विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के दौरान आई थकान से विश्राम भी बहुत आवश्यक है। यह शरीर के साथ मन को भी शांत करते हुए हमें लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए ऊर्जा प्रदान करता है। प्रियंका जैन तथा नेहा अग्रवाल ने विषय को विस्तार देते हुए कहा कि हमें अपने जीवन को संतुलित बनाने के लिए उक्त तीन शब्दों को जीवन में शामिल करते हुए इसे एक नए दृष्टिकोण से देखने का प्रयास करना चाहिए।
खुद को खोजने हेतु प्रेरित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन
संस्कृति लेडीज क्लब की अध्यक्ष रमा पटवा ने स्वागत वक्तव्य देते हुए कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में कुछ पाने की चाह में हम उलझनों में उलझते हुए खुद को भूलते जा रहे हैं। आने वाले नए साल में नई उमंग के साथ खुद को खोजने हेतु प्रेरित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि साँस पर ध्यान देना कोई तकनीक नहीं, वरन यह एक ईमानदार बातचीत है, जो हम अपने भीतर चल रहे शोर से करते हैं। हर एक गहरी साँस भले हमारी हर समस्या नहीं सुलझाती, लेकिन संभलने का अवसर अवश्य देती है।
रमा पटवा ने नववर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए सभी से दिन में कम से कम एक बार गहरी साँस लेते हुए हर किसी के प्रति कृतज्ञता का भाव व्यक्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जेनी मोमाया (तत्काल पूर्व अध्यक्ष), अकिता मल्होत्रा (उपाध्यक्ष), राखी अग्रवाल (सचिव), बिनीता सेठिया (कोषाध्यक्ष), सोनल दोशी (को-ऑप्टेड सदस्य), नम्रता बोलाकी, वंदना शेते (एडवाइजर) सहित अन्य ने योगदान दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



