शुद्ध भाव से करें परमात्मा के दर्शन : कनकप्रभाजी म.सा.
हैदराबाद, परमात्मा के दर्शन मन वचन काया को शुभ बनाकर करना चाहिए। परमात्मा के आगे हमें पांच मिनट बैठकर निहारना चाहिए और मौन पूर्वक उनसे बात करनी चाहिए। उक्त उद्गार महावीर भवन, फीलखाना में श्री महावीर स्वामी जैन श्वेतांबर संघ चातुर्मास व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित प्रवचन सभा में पूज्य कनकप्रभाजी म.सा. ने दिये।
यहां संघ के प्रचार प्रसार मंत्री उत्तम संकलेचा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूज्य साध्वीजी ने कहा कि परमात्मा के दर्शन-पूजा आदि का समापन करने के पश्चात जब हम वापस सांसारिक व्यवस्था की ओर मुड़ते हैं, तब हमें यह प्रण लेना चाहिए कि जिनवाणी श्रवण के माध्यम से जो ग्रहण किया है, उसे जीवन में उतारने का प्रयास करेंगे।
जिनदर्शन शिविर समापन, महापूजा और भक्ति आयोजन आगामी
महावीर भवन में जारी 6 दिवसीय शिविर जिनदर्शन से निज दर्शन का आज समापन हुआ, जिसका संपूर्ण लाभ भंवरी देवी, मांगीलाल छाजेड़ परिवार ने लिया। रविवार 21 सितंबर को महावीर स्वामी जैन मंदिर में भव्य महापूजा के निमित्त संपूर्ण मंदिर की भव्य सजावट के साथ सुबह 9 से 11 बजे तक पू. गुरुवर्याश्रीजी के मुखारविन्द से प्रभु संवेदना का भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
रात्रि 8 बजे से प्रभु भक्ति का भव्य आयोजन किया जाएगा जिसमें छत्तीसगढ़ से मयूर भाई भक्ति की रमझट मचायेंगे। चातुर्मास साधार्मिक भक्ति के लाभार्थी मोहिनी देवी भंवरलाल संकलेचा परिवार हैं। आज भवन में पूज्यश्री कनकप्रभाजी म.सा. के सांसारिक जीजा नथमल सोमराज बंदामुथा बेंगलुरू द्वारा संघ पूजा की गई।
यह भी पढ़े : आत्म चेतना को जगाने का करें प्रयास : कनकप्रभाजी म.सा.
चातुर्मास व्यवस्था समिति द्वारा उनका बहुमान किया गया। शिविर के लाभार्थी परिवार का भी सम्मान किया गया। उसके बाद शिविर में पधारे सभी श्रावक श्राविकाओं को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किये गये। चातुर्मास संयोजक हस्तीमल हुंडिया ने प्रभु संवेदना एवं भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र के पट शुभारंभ कार्यक्रम में सकल संघ से उपस्थित होने का आग्रह किया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





