बिना लाइसेंस की दुकानों पर लगेंगे ताले : एमएमसी आयुक्त
हैदराबाद, मल्काजगिरी नगर निगम आयुक्त टी. विनय कृष्णा रेड्डी ने सरकारी जमीनों पर मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। एमएमसी आयुक्त ने बोडुप्पल सर्किल के श्री साई एन्क्लेव, राजशेखर कॉलोनी, मल्लैया नगर और वीरा रेड्डी नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त ने अर्बन बायोडायवर्सिटी कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य स्वीकृत योजना के अनुसार चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएँ।
साथ ही आगामी वन महोत्सव के लिए पर्याप्त पौधे तैयार रखे जाने के निर्देश उन्होंने दिए। उन्होंने स्थानीय निवासियों, सफाई कर्मचारियों और ऑटो चालकों से बातचीत कर समस्याएँ जानीं। कॉलोनी में जलभराव की समस्या पर तत्काल सफाई और बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था के निर्देश उन्होंने दिए। राजशेखर कॉलोनी के चिल्ड्रन पार्क का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने हरियाली बढ़ाने के लिए अतिरिक्त पौधे लगाने और बेकार कंटीली झाड़ियाँ हटाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें… विचाराधीन है आरटीसी के सरकारी विलय का प्रस्ताव : पोन्नम प्रभाकर
व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जाँच के दौरान उन्होंने कहा कि सभी दुकानों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस होना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस व्यापार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दुकानों को सील किया जाएगा। मल्लैया नगर में सरकारी जमीन पर मलबा डाले जाने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये। साथ ही सीसीटीवी की मदद से वाहनों की पहचान कर कार्रवाई करने और मलबा संबंधित व्यक्तियों से ही हटवाने के निर्देश दिए। वीरा रेड्डी नगर में महिला समूहों के साथ बैठक कर आयुक्त ने नए स्वयं सहायता समूह बनाने और नियमित ऋण भुगतान के जरिए आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने की अपील की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



