सिंघवी-नरेंद्र रेड्डी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित
हैदराबाद, कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी सोमवार को तेलंगाना से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद चुनाव अधिकारी ने दोनों नेताओं के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी ने विजेताओं के प्रमाण पत्र सौंपे। वेम नरेंदर रेड्डी ने स्वयं अपना प्रमाण पत्र प्राप्त किया, जबकि विधायी मंत्री श्रीधर बाबू, कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव व कांग्रेस नेताओं ने अभिषेक मनु सिंघवी के प्रमाण पत्र प्राप्त किये।
प्रदेश के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के करीबी सहयोगी नरेंद्र रेड्डी ने राज्यसभा चुनाव में उन्हें उम्मीदवार नामित करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य का आभार व्यक्त किया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने अपनी उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए एआईएमआईएम और भाकपा को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वे राज्यसभा में और दिल्ली में तेलंगाना के मुद्दों को उठाएंगे और केंद्र सरकार पर उन्हें हल करने के लिए दबाव डालेंगे।
यह भी पढ़ें… भविष्य के लिए तैयार पुलिसिंग का मॉडल होगा तेलंगाना : श्रीधर बाबू
राज्यसभा में अनुभवी सदस्यों से राज्य के हितों की उम्मीद
विधायी मामलों के मंत्री श्रीधर बाबू ने कहा कि राज्यसभा में अनुभवी सदस्य आ रहे हैं, जो राज्य के हितों की रक्षा करेंगे। सिंघवी और नरेंद्र रेड्डी ने पाँच मार्च को तेलंगाना विधानसभा में नामांकन पत्र दाखिल किया था। हालांकि एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भी नामांकन दाखिल किया था, लेकिन नामांकन पत्रों की जाँच के दौरान उसे खारिज कर दिया गया। उम्मीदवार का नाम प्रस्तावित करने के लिए दस विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है।
मुख्य विपक्ष बीआरएस इस चुनाव से दूर रहा। उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सिंघवी को डेढ़ साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद तेलंगाना से राज्यसभा के लिये दोबारा चुना गया है। नरेंद्र रेड्डी दिसंबर 2023 में मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद से रेवंत रेड्डी के सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। नरेंद्र रेड्डी, रेवंत रेड्डी के सहयोगी रहे हैं। दोनों पहले तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) में साथ काम करते थे, इसके बाद दोनों कांग्रेस में शामिल हो गए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



