कुछ बातें जो बच्चे कभी नहीं भूलते
मेरे बचपन की बात है- मुझे रंगों से खेलने का श़ौक था और मुझे जब भी खाली समय मिलता तो मैं ड्राइंग शीट्स पर रंगों से अपनी कल्पना की उड़ान के अनुसार कुछ न कुछ बनाती रहती थी। एक दिन मैंने एक पेंटिंग बनायी, जिसे देखकर मेरे मम्मी-पापा ने अचानक मेरी बहुत ताऱीफ की।
उस ताऱीफ को मैं आज तक भूल नहीं पायी हूं, हालांकि अब मेरे बच्चे भी किशोरावस्था में पहुंच गये हैं। मैं अक्सर सोचती हूं कि बचपन की उस ताऱीफ को मैं भूल क्यों नहीं पायी हूं? इस सवाल का जवाब मुझे एक सप्ताह पहले मिला। मैं अपने ऑफिस की लाइब्रेरी में पुरानी पत्रिकाओं को देख रही थी कि जर्नल ऑफ साइकोलॉजी का 2024 का एक अंक मिला जिसमें प्रकाशित अध्ययन ने मेरी आंखें खोल दीं।
इसके अनुसार, पैरेंट्स द्वारा अचानक की गई ताऱीफ को बच्चे कभी नहीं भूलते हैं और वह ताऱीफ उनके आत्म-सम्मान व आत्मविश्वास को वर्षों तक बनाये रखती है। बच्चे अक्सर अपने पैरेंट्स के कहे गये उन स्पष्ट शब्दों को याद रखते हैं, जब उन्होंने अपने बच्चे की ताऱीफ वास्तविक रूप से बिना किसी ज़ोर-जबरदस्ती के की हो।

इस लेख को पढ़ने के बाद मुझे एहसास हुआ कि बचपन की बहुत सी बातें हमें जीवनभर याद रहती हैं, जो हमारे व्यक्तित्व को प्रभावित करती हैं। इसलिए पैरेंट्स को अपने बच्चों के सामने तोल-मोलकर बोलना चाहिए और उन्हें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि बच्चों के सामने क्या बोलना है व क्या नहीं बोलना है। दरअसल, बच्चों की परवरिश आसान काम नहीं है, ऐसा करते समय पैरेंट्स को हर छोटी-बड़ी बात का खास ख्याल रखना पड़ता है।
बहरहाल, पैरेंट्स से जुड़ी कुछ प्रमुख बातें हैं बच्चों के कोमल मन व मस्तिष्क पर इस तरह छप जाती हैं, जो उन्हें हमेशा याद रहती हैं। मसलन, 2023 का हार्वर्ड अध्ययन कहता है कि पैरेंट्स जिस तरह आपसी झगड़ों को संभालते हैं, उसका बच्चों के भावनात्मक विकास पर स्थायी प्रभाव पड़ता है। बच्चे केवल पैरेंट्स के बीच होने वाले झगड़ों को ही याद नहीं रखते बल्कि उन्हें यह भी याद रहता है कि पैरेंट्स ने बाद में एक-दूसरे से म़ाफी मांगी थी या नहीं और अगर मांगी भी थी, तो उसका तरीका क्या था।
ध्यान रहे कि म़ाफी मांगने का तरीका बच्चों को विनम्रता व जवाबदेही के गुण सिखाता है। छोटे बच्चे भी इस बात पर ध्यान देते हैं कि बड़े लोग अपनी गलतियों को स्वीकार करते हैं या नहीं। मुझे अपने पैरेंट्स के साथ गुज़ारे हुए सभी सुंदर पल अच्छी तरह से याद हैं। घर में जिन रीति-रिवाज का पालन किया जाता है, वह सब भी मुझे याद हैं। अब आधुनिक शोध कहता है जो बच्चे नियमित रूप से पारिवारिक परंपराओं का अनुभव या उत्सव मनाते हैं, वह हर तरह से खुश रहते हैं और वह चिंता को कम महसूस करते हैं। गलतियों पर पैरेंट्स की प्रतिक्रिया को भी बच्चे हमेशा याद रखते हैं।
यह भी पढ़े: आपका बचपन बुरा था तो क्या,अपने बच्चों को बुरा बचपन दोगे?
स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी के 2025 के अध्ययन से मालूम होता है कि बच्चे के किसी चीज़ में असफल होने पर पैरेंट्स उसे कैसी प्रतिक्रिया देते हैं, यह सालों तक वह याद रखता है। अगर पैरेंट्स संयम दिखाते हुए बच्चे को गलतियों से सीखने के लिए प्रोत्साहित करते हैं, तो बच्चे में भी सीखकर आगे बढ़ने की मानसिकता विकसित होने की संभावना ज्यादा बन जाती है। जबकि इसके विपरीत कठोर आलोचना बच्चे के लिए नाकामी का डर व कम प्रेरणा की वजह बन सकती है।

मैंने उन पलों को हमेशा अपनी यादों में संजोकर रखा है जब मुश्किल समय में, हालात चाहे जो भी रहे हों, मेरे पैरेंट्स बिना किसी शर्त के मेरे साथ खड़े रहे। पिउ रिसर्च सेंटर के 2023 के एक राष्ट्रीय सर्वे से मेरे इस अनुभव की पुष्टि होती है कि बिना किसी शर्त पैरेंट्स का पूर्ण समर्थन बच्चे को हमेशा याद रहता है।
मैंने यह भी नोट किया है कि पैरेंट्स जिस प्रकार का व्यवहार दूसरों के साथ करते हैं, उसे भी बच्चे हमेशा याद रखते हैं। चाइल्ड माइंड इंस्टिट्यूट के 2024 के अध्ययन में यह पाया गया कि बच्चे इस बात पर पूरा ध्यान देते हैं कि उनके पैरेंट्स परिवार के बाहर के लोगों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं। पैरेंट्स का अंजान लोगों के प्रति दया व सेवा का भाव, बच्चे की यादों में ख़ामोशी के साथ हमेशा के लिए चस्पा हो जाता है।
मैं अपने पैरेंट्स की बातों को बहुत ध्यान से सुना करती थी, क्योंकि उनको सुनना, शब्दों को सुनने से कहीं अधिक होता है। इसी वजह से मेरे पैरेंट्स भी मेरी बातों को बहुत ध्यान से सुनते थे। जब वह ऐसा करते थे, तो मुझे महसूस होता था कि मेरा उनके जीवन में बहुत महत्व है। चाइल्ड डेवलपमेंट में प्रकाशित 2023 का शोध मेरे अनुभव की पुष्टि करता है कि जिस बच्चे को लगता है कि उसके पैरेंट्स ने उसकी बात को वास्तव में सुना व उसे महत्व दिया तो उसके अपने परिवार से रिश्ते भविष्य में मज़बूत बने।
-अंतरा पटेल
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



