दक्षिण मध्य रेलवे ने मनाई डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा आज सिकंदराबाद स्थित रेल निलयम सभागार में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती मनाई गई। मुख्य अतिथि दमरे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त महाप्रबंधक सत्य प्रकाश, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ काटी, अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।


संजय कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर की अमिट विरासत पर प्रकाश डाला। उन्होंने दामोदर घाटी परियोजना तथा 1943 की व्यापक नदी विकास नीति में अंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया। संजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि समावेशिता, सत्यनिष्ठा तथा दूरदर्शी विकास से जुड़े डॉ. अंबेडकर के आदर्श भारत की प्रगति के लिए विशेष रूप से आधुनिक राष्ट्र निर्माण के स्तंभों के रूप में परिवहन और रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने में मार्गदर्शक सिद्धांत बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर की विरासत के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि पेशेवर कार्यों में पूर्ण ईमानदारी और साहस को आत्मसात करने में निहित है।
यह भी पढ़ें… विद्युत आर्टिजन श्रमिकों ने अंबेडकर के चित्र को सौंपा माँग-पत्र
दमरे के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और ट्रेड यूनियन के नेताओं ने डॉ. अंबेडकर की उपलब्धियों, योगदान और विरासत पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान दमरे कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित भारत में सामाजिक न्याय के निर्माता विषयक निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। सिकंदराबाद डिवीजन तथा मुख्य कार्यशाला प्रबंधक लालागुड़ा के कार्यालय में भी डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती मनाई गयी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



