कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सज्जनार

हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने बकरीद पर्व से पहले गौरक्षकों के साथ बैठक कर गोरक्षा के लिए उठाए जा रहे कदमों पर चर्चा की। साथ ही आयुक्त ने कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

बंजारा हिल्स स्थित टीजीआईसीसीसी में विभिन्न गौरक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष समन्वय बैठक को संबोधित करते हुए आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने बताया कि त्यौहार के दौरान नगर में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए आयुक्तालय सीमा में विशेष चेक पोस्ट स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने गौरक्षक संगठनों से अपील की कि वह कानून का सम्मान करें और यदि कहीं अवैध पशु परिवहन की सूचना मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

किसी भी परिस्थिति में आरोपियों पर सीधे हमला करने या कानून को अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सज्जनार ने अधिकारियों को पशु वध से जुड़े ऐसे वीडियो, रील्स या सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भावनाएँ भड़काने या सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

चेकपोस्ट जांच में वॉलंटियर्स को रोकने के निर्देश

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि वॉलंटियर्स चेकपोस्ट पर पुलिस के साथ संयुक्त जाँच में शामिल न हों। उन्हें पशुओं की तस्वीरें लेने, संदिग्धों की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने या जाँच प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने से दूर रहना होगा। प्रत्येक संगठन को पुलिस समन्वय के लिए एक अधिकृत प्रतिनिधि नामित करने और अपने सदस्यों के मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

साथ ही सभी वॉलंटियर्स को अनिवार्य रूप से पहचान पत्र पहनने को कहा गया। पुलिस आयुक्त ने चेतावनी दी कि गौरक्षक अपने पास किसी प्रकार के हथियार, धारदार वस्तु न रखें। पुलिस हिरासत में लिए गए वाहनों का पीछा करने, रास्ता रोकने या किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध पशु परिवहन पर केवल त्यौहारों के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष निगरानी रखी जाएगी।

बिना पशु चिकित्सकीय प्रमाण के हो रहे परिवहन पर विशेष नजर रखी जाएगी। नागरिकों को सूचना देने के लिए पुलिस कंट्रोल नंबर 8712661000 जारी किया गया है, जिस पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने सभी नागरिकों और संगठनों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल कायम रखने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त तफ़्सीर इकबाल, एम. श्रीनिवासुलू, संयुक्त पुलिस आयुक्त एन. श्वेता, विभिन्न जोनों के डीसीपी और कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें… पूरी तरह से तालाब ही है बतुकम्मा कुंटा : ए.वी. रंगनाथ

गौरक्षकों को डराना बंद करे पुलिस : राजा सिंह

गोशामहल विधायक टी. राजा सिंह ने नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार द्वारा गौरक्षकों को गौरक्षा से दूर रहने और पुलिस को सूचित करने जैसे दिशा-निर्देशों पर निराशा जताते हुए कहा कि पुलिस आम तौर पर किसी भी जीव-जन्तु, पशुओं को बचाने वालों का सहयोग करती है। साथ ही स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करती है, लेकिन हैदराबाद पुलिस द्वारा गौहत्या निषेध व पशुसंवर्धन अधिनियम, 1977 की रक्षा करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी देना निंदनीय है।

राजा सिंह ने बताया कि आयुक्त ने कुछ गौरक्षा दल के संगठनों को कार्यालय बुलाकर चेक पोस्ट पर नहीं बैठने, गौवंशों से भरी गाड़ी को नहीं रोकने, गाड़ी का पीछा नहीं करने, पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए। उन्होंने पूछा कि गौवंशों से भरे वाहन को रोककर पुलिस को सूचना देना क्या अपराध है, क्या पुलिस को सूचना देने तक वाहन उसी जगह पर खड़ा रहेगा, यह किस तरह का निर्देश है। उन्होंने कहा कि गौरक्षा के लिए वह और गौरक्षक किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं।

राजा सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से चेक पोस्टों पर गौरक्षक भी बैठ रहे हैं। तत्कालीन पुलिस आयुक्त व वर्तमान पुलिस महानिदेशक सी.वी. आनंद ने यह परंपरा आरंभ की थी। ऐसे में अब अचानक चेक पोस्टों पर बैठने वाले गौरक्षकों को हटाना कहाँ तक सही है। उन्होंने कहा कि वह पिछली बार की तरह इस बार भी स्वयं गौरक्षा के लिए सड़कों पर निकलने वाले हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button