तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट 8 दिसंबर से, उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने की तैयारियों की समीक्षा
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि प्रजा सरकार के गठन के दो साल पूरे होने के अवसर पर आगामी 8 व 9 दिसंबर को तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट-2025 का आयोजन किया जाएगा। प्रजा सरकार की दूसरी वर्षगांठ 8 दिसंबर को मनाई जाएगी। 9 दिसंबर को तेलंगाना राइजिंग-2047 नीति दस्तावेज का अनावरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कमांड कंट्रोल सेंटर में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट-2025 से संबंधित तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का, सीएम के सलाहकार वेम नरेंदर रेड्डी, सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव, डीजीपी शिवधर रेड्डी और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सीएम ने कहा कि हम तेलंगाना के भविष्य के लिए एक रोडमैप तैयार कर रहे हैं। इस नीति के आधार पर भविष्य के निर्णय लिए जा सकते हैं।
यह नीति दस्तावेज निवेशकों को स्पष्टता प्रदान करता है। उन्होंने शिखर सम्मेलन में विभागवार नीतियों पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि माह के अंत तक विभागवार नीति दस्तावेज तैयार किए जाएँ। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए।
यह भी पढ़ें… जुबली हिल्स उपचुनाव: कांग्रेस के नवीन यादव 24,729 वोटों से विजयी
डीजीपी को विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा संबंधी उचित एहतियात बरतने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का समय-समय पर वैश्विक शिखर सम्मेलन की व्यवस्थाओं और अन्य मुद्दों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को वैश्विक शिखर सम्मेलन को सफल बनाने के लिए समन्वय से काम करने का आदेश दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



