तेलंगाना पर्यटन में 22,324 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव, लगभग 90,000 रोजगार की संभावना

हैदराबाद, तेलंगाना पर्यटन विभाग ने वर्ष 2025 में 22 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक निवेश के प्रस्ताव प्राप्त किये। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के ज़मीनी स्तर पर क्रियान्वयन से 90 हज़ार से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकता है। तेलंगाना पर्यटन विभाग ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि यह वर्ष राज्य को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अग्रणी बनाने के मामले में मील का पत्थर सिद्ध हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष के दौरान राज्य को कुल 22,324 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। तेलंगाना पर्यटन नीति के तहत आए इस निवेश से लगभग 90,000 नए रोजगार सृजित होने की संभावना है। पर्यटन कॉनक्लेव 2025 के माध्यम से 30 परियोजनाओं में 15,279 करोड़ का निवेश आकर्षित हुआ। तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट से अतिरिक्त 7,045 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले।

फुडलिंक ग्लोबल सेंटर, सारुस् इन्फ्रा और स्मार्ट मोबिलिटी जैसे अंतरराष्ट्रीय निवेशकों ने सम्मेलन, सांस्कृतिक और वेलनेस क्षेत्रों में मेगा परियोजनाओं के लिए प्रतिबद्धता जताई। सांस्कृतिक उपलब्धियों में हैदराबाद में मिस वर्ल्ड-2025 प्रतियोगिता का आयोजन राज्य के लिए एक बड़ा ब्रांडिंग अवसर साबित हुआ, जिससे आधुनिक अवसंरचना और सेफ एंड फ्रेंडली वातावरण को विश्व पटल पर प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा बतुकम्मा उत्सव के दौरान राज्य ने दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए। राज्य को ट्रैवेल प्लस लॉन्ज द्वारा बेस्ट हेरिटेज डेस्टिनेशन और आउटलुक ट्रैवलर द्वारा बेस्ट इंडिजिनस क्यूलिनरी डेस्टिनेशन जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले।

यह भी पढ़ें… तेलंगाना में 2.33 प्रतिशत घटा अपराध, महिलाओं के खिलाफ क्राइम में इजाफा : डीजीपी

हेलि-टूरिज्म, ड्रोन शो व अंतरराष्ट्रीय उत्सव से पर्यटन बढ़ेगा

पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गठित 80 सदस्यीय टूरिस्ट पुलिस बल ने विरासत स्थलों पर आपातकालीन बचाव और खोई संपत्ति की बरामदगी में उल्लेखनीय सफलता हासिल की, जिससे यह बल एक मॉडल के रूप में उभरा है। रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्य की 123 परियोजनाओं में से 78 पूरी की जा चुकी हैं। स्वदेश दर्शन 2.0 और प्रसाद जैसी केंद्रीय योजनाओं के तहत 275 करोड़ की परियोजनाएँ प्रगति पर हैं, जिनमें अनंतगिरि हिल्स में ईको-टूरिज्म ज़ोन और भुवनगिरी किले में एक्सपीरिएंशियल ज़ोन शामिल हैं। हुसैन सागर में 120 सीटर डबल-डेकर बोट मुचुकुंदा के शुभारंभ से जल पर्यटन को बढ़ावा मिला है।

नये वर्ष में तेलंगाना हेलि-टूरिज्म सर्किट का पूर्ण संचालन (हैदराबाद-सोमशिला-श्रीशैलम), नागार्जुन सागर, बसवापुर और सोमशिला में विश्वस्तरीय प्रीमियम वेडिंग डेस्टिनेशन का विकास, 19 देशों की भागीदारी वाला अंतरराष्ट्रीय पतंग एवं मिठाई उत्सव, यूरोपीय प्रतिभागियों के साथ हॉट एयर बैलून फेस्टिवल, गच्ची बावली स्टेडियम में हाई-टेक ड्रोन शो एवं अन्य कार्यक्रम शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि 27 विशेष पर्यटन क्षेत्रों की मास्टर प्लानिंग तथा मेडिकल टूरिज्म सोसाइटी के प्रस्तावित गठन के साथ तेलंगाना 2047 तक एक सतत, समुदाय आधारित पर्यटन नेटवर्क के दीर्घकालिक लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button