पर्दे पर लगातार किया गया पति-पत्नी का अभिनय ज़िंदगी में भी बना रहता है..!

लंबे समय तक फिल्मी पर्दे में एक दूसरे के साथ पति-पत्नी का अभिनय करने वाले अभिनेताओं और अभिनेत्रियों में वास्तविक ज़िंदगी में भी किसी हद तक ऐसा लगाव बन जाता है। बॉलीवुड की चमकदार दुनिया में पर्दे पर दिखाई देने वाले रिश्ते सिर्फ दर्शकों के मन में ही वास्तविकता की गहरी छाप नहीं छोड़ते बल्कि उन अभिनेताओं और अभिनेत्रियों को भी ये अंदर से एक दूसरे के नजदीक इसी रूप में ला देते हैं। दोनों के बीच एक भावनात्मक रिश्ता कायम हो जाता है। लेकिन अभिनय से पैदा हुआ यह लगाव कई बार बेहद जटिल हो जाता है, खास करके तब जब दो विपरीत लिंगी कलाकार अपने निजी जीवन में पहले से ही किसी और के साथ रिश्ते में होते हैं।

घंटों-घंटों किया गया रिहर्सल एक-दूसरे के साथ घंटों बिताए गये संवेदनशील पल, आखिर उन्हें इन भावनाओं तक क्यों नहीं ले जाएंगे? इन अभिनेताओं और अभिनेत्रियों को पर्दे के सामने इस रिश्ते को विश्वसनीय बनाने के लिए वह सब कुछ कैमरे के सामने करना पड़ता है, जो निजी जीवन में कैमरे के पीछे होता है।

फिल्मी रिश्ते जो बन गए असली प्यार की शुरुआत का कारण

जाहिर है इससे दोनों में वास्तविक नजदीकियां बढ़नी स्वाभाविक हैं। जिसे कलाकार आमतौर पर पेशेवर रिश्ता कहकर टालते रहते हैं, लेकिन भावनाएं कभी पेशेवर नहीं होतीं। मसलन, विक्की कौशल और कियारा आडवानी ने एक साथ कई फिल्में कीं और कई रोमांटिक इंटीमेट दृश्य दिये।

हालांकि उस दौरान ये दोनों अपने निजी रिश्तों में थे, लेकिन मीडिया में लंबे समय तक दोनों के बीच की कैमेस्ट्री की चर्चा रही। विक्की कौशल में अपने एक इंटरव्यू में यह माना है कि कभी-कभी वह किरदार का इमोशनल बोझ अपने घर तक ले आते थे।

हालांकि उनके मुताबिक अब वे इससे उबर गये हैं। लेकिन शाहिद कपूर और करीना कपूर का मामला तो इससे भी कहीं ज्यादा गहन था। दोनों ने एक साथ कई फिल्मों में प्रेमी-प्रेमिका या पति-पत्नी का किरदार निभाया और यही अभिनय करते हुए, इंटीमेट सीन देते हुए, दोनों के बीच सचमुच एक गहरा रिश्ता कायम हो गया।इसीलिए तो उनके ब्रेकअप का असर कई सालों तक दोनों के साथ फिल्म करने पर और शूटिंग पर पड़ा।

ये भी पढ़ें: बैकग्राउंड डांसर के तौर पर शुरुआत करने वाले ये सितारे आज बॉलीवुड पर करते हैं राज

करीना ने तो कई बार स्वीकारा है कि एक कलाकार के लिए अपने एक्स के साथ काम करना भावनात्मक रूप से काफी कठिन होता है। इस बात को जॉन अब्राहम ने भी स्वीकारा है कि उनके लिए बिपाश बसु के साथ ब्रेकअप के बाद काम करना बहुत मुश्किल हो गया।

अभिनय के दौरान रिश्तों के पनपने का बेस्ट उदाहरण रणबीर कपूर और आलिया भट्ट हैं। फिल्म शूटिंग के दौरान दोनों में इतनी मजबूत प्यार की भावना पनपी कि कटरीना कैफ के साथ गहरे रिश्ते में होते हुए भी रणबीर कपूर ने आलिया भट्ट के साथ शादी कर ली और एक झटके में पर्दे के प्यार ने असल जीवन में नया मोड़ ले लिया। जब कोई अभिनेता अपने सह-कलाकार के करीब आता है तो भले सामाजिक रिश्ता कायम ना हो, उन दोनो के बीच करीबी भावनाएं विकसित हो जाती हैं। इससे उनकी निजी और शादीशुदा जिंदगी तबाह हो जाती है।

भावनाएं हमेशा महज अभिनय नहीं रह जातीं

कई बार यह निर्देशक और प्रोड्यूसर का भी दबाव होता है कि कलाकार किरदार में गहराई और वास्तविकता लाने के लिए अपनी सारी निजी भावनाएं झोंक दें। यह होता तो महज कारोबार के लिए है, लेकिन दिल के मामले में भावनाओं का कारोबार बहुत देर तक अभिनय नहीं रहता बल्कि वास्तविक बन जाता है। किसी भी कलाकार को इस तरह की मानसिकता से निकल पाना आसान नहीं होता। देखा गया है कि कई बार ऐसे ब्रेकअप या भावनात्मक उलझन के चलते कई कलाकार अवसाद का शिकार हो जाते हैं।

इसमें अकेले उनका ही दोष नहीं होता, मीडिया का भी दबाव होता है। जब दो कलाकारों की पर्दे पर जोड़ी हिट हो जाती है तो मीडिया और फैंस की उनसे ज्यादा से ज्यादा गहरे भावनात्मक प्रदर्शन की उम्मीदें बढ़ जाती हैं। यह दबाव कलाकारों को अपने रिश्ते निभाने या छुपाने को मजबूर करता है, जिससे उनका व्यक्तिगत जीवन तनावग्रस्त हो जाता है।

बार-बार एक ही किरदार को जीना और उसी छवि में बंध जाना, कलाकारों को कई बार वास्तविक जीवन में भ्रमित कर देता है। वो तय ही नहीं कर पाते कि उनकी असली भावनाएं क्या हैं और अभिनय क्या है? इसलिए पर्दे पर लगातार सिर्फ अभिनय के लिए जो भावनाएं व्यक्त की जाती हैं, वो हमेशा महज अभिनय नहीं रह जाती हैं। यही कारण है कि फिल्मी पर्दे पर लंबे समय तक पति-पत्नी के रूप में रिश्ता निभाने वाले कलाकार वास्तविक जिंदगी में भी आपस में वैसे ही भावनात्मक लगाव में बंध जाते हैं, जो कई बार उनकी निजी जिंदगी में कई तरह की मुश्किलें खड़ी कर देता है।

-डी.जे.नंदन

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button