विकास को प्रतिबिंबित करने वाला हो पाठ्यक्रम : केशव राव
हैदराबाद, तेलंगाना बोर्ड ऑफ इंटरमीडिएट एजुकेशन (टीजीबीआईई) द्वारा आज विशेषज्ञ समिति के सदस्यों और मानविकी व भाषा विभागों के लेखकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में तेलंगाना सरकार के सलाहकार (लोक मामलों) व शिक्षा नीति के अध्यक्ष के. केशव राव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए कहा कि वैश्विक परिस्थितियाँ लगातार बदल रही हैं, इसलिए शिक्षा को निरंतर विकसित होना चाहिए। पाठ्यक्रम समकालीन विकास को प्रतिबिंबित करने वाला होना चाहिए।
केशव राव ने समिति के सदस्यों को पाठ्यक्रम का ढाँचा तैयार करते समय मानवीय मूल्यों, नैतिकता व तथ्यात्मक मानकों के अनुरूप नया पाठ्यक्रम बनाने की सलाह दी। साथ ही विषय विशेषज्ञों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि पाठ्यक्रम समकालीन विकास के अनुसार तथा छात्रों के शैक्षणिक स्तर के लिए उपयुक्त हो।
यह भी पढ़ें… एसीबी का रिवॉर्ड मेला: उत्कृष्ट अधिकारियों और टीमों को किया सम्मानित
टीजीबीआईई सचिव ने बैठक में सुधारों की जानकारी दी
केशव राव ने कहा कि शिक्षा दुनिया को समझने का एक साधन है। इससे विद्यार्थियों को सैद्धांतिक व व्यावहारिक दोनों रूप से सशक्त होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि शिक्षा में मानवीय मूल्यों का समावेश होना चाहिए। व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देते हुए विद्यार्थी केंद्रित दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए, जो आलोचनात्मक व जिज्ञासु चिंतन को प्रोत्साहित करे। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियाँ लगातार बदल रही हैं। इस परिप्रेक्ष्य में शिक्षा को भी निरंतर विकसित होना चाहिए। उन्होंने इंटर बोर्ड द्वारा संचालित कमांड कंट्रोल रूम के प्रभावी कामकाज की सराहना की।
टीजीबीआईई के सचिव एस. कृष्ण आदित्य ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से इंटरमीडिएट प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए नया पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। यह पाठ्यक्रम शिक्षा क्षेत्र की वर्तमान आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से प्रतिबिंबित करने वाला होगा। बैठक के दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने पाठ्यक्रम निर्माण की प्रक्रिया में उनके द्वारा अपनाई गई पद्धतियों का उल्लेख करते हुए विचार व सुझाव साझा किए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



