जनता ने बना दी है कांग्रेस की कब्र, मोदी पर टिप्पणी को लेकर भड़के रामचंदर राव
हैदराबाद, चुनाव आयोग द्वारा कराए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को वोट चोरी बताकर राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस द्वारा आयोजित रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर भड़के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री की कब्र बनाने की धमकी दे रही कांग्रेस पार्टी की कब्र जनता ने पहले ही बना दी है। शेष बचे 2 राज्यों में भी कांग्रेस दफन कर दी जाएगी।
देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 75वीं पुण्यतिथि के मौके पर भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में उनके चित्र पर पुष्पांजलि देने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामचंदर राव ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली में वोट चोरी की नहीं, बल्कि चोरों की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि एसआईआर किए जाने को वोट चोरी बता रही कांग्रेस को पता होना चाहिए कि एसआईआर किए जाने पर पाकिस्तानियों, बांग्लादेशियों व घुसपैंठियों के वोट मतदाता सूची से कटेंगे।
यह भी पढ़ें… हत्या की राजनीति बंद करे कांग्रेस : केटीआर
सरदार पटेल ने ऑपरेशन पोलो से निजाम को घुटने टेकने पर मजबूर किया
आखिर घुसपैठियों के वोट काटे जाने से कांग्रेस को क्या परेशानी हो रही है? उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मतदाता सूची में भारत के नागरिकों के नाम ही होने चाहिए। कांग्रेस का संविधान के बारे में बोलना हास्यास्पद है। देश में संविधान की रक्षा केवल भाजपा से ही संभव है। कांग्रेस ने तो संविधान को हर कदम पर कुचला है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का नाम लेते हुए कहा कि नेहरू ने कहा था कि राजनीति के लिए आवश्यकता पड़े तो संविधान को भी बाजू रखा जा सकता है, वहीं इंदिरा गांधी ने तो आपातकाल लगाकर संविधान को ही कुचल दिया था।
रामचंदर राव ने कहा कि पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने पूर्व इंदिरा गांधी सरकार के शासन के दौरान संसद में चुनाव आयोग गठन पर निर्णय लिए जाने के समय विपक्षी दलों को अवसर देने का आग्रह किया था तब आडवाणी के आग्रह को नहीं माना गया था। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस आरोप लगा रही है कि विपक्ष को बुलाकर राय नहीं ली जा रही है। कांग्रेस को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि भद्दी राजनीति करना बंद करें, जनता सब देख रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामचंदर राव ने कहा कि 567 संस्थानों को संगठित करके महान भारत बनाने वाले सरदार पटेल ने निरंकुश निजाम, जिसकी हैदराबाद संस्थान को पाकिस्तान में शामिल करने या स्वतंत्र देश बनाने की इच्छा थी, को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। हैदराबाद में ऑपरेशन पोलो के जरिए पटेल ने निजाम के सपनों को कुचल दिया। ऐसे महान सपूत पटेल पर देश को गर्व है। अवसर पर प्रदेश भाजपा महासचिव डॉ. एन. गौतम राव, पूर्व विधायक चिंतला रामचंद्रा रेड्डी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राठौड़, एम. चंद्रशेखर आदि उपस्थित थे।
भाजपा युवाओं की पार्टी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का उल्लेख करते हुए भाजपा को युवाओं की पार्टी बताया और कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें मेहनत करने वालों का सुनहरा भविष्य होता है। भाजपा मुख्यालय में बजरंगदल उपाध्यक्ष जीवन के साथ कांग्रेस व बीआरएस से संबंधित बड़ी संख्या में युवा आज भाजपा में शामिल हुए। इस मौके पर संबोधित करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि वर्ष 2020 में भ्रष्टाचारी कांग्रेस को सत्ता से हटाकर भाजपा को सत्ता में लाने के लिए सभी युवा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवारवादी पार्टी नहीं है। भाजपा में एक आम कार्यकर्ता भी उच्च स्थान पा सकता है।
पार्टी में शामिल होने वालों में कांग्रेस नेता बी. मनोज कुमार के अलावा हेमंत अग्रवाल, साईराम, राघवेंदर, हरीश, सुनील, संतोष, विजय, शिवा आदि युवा शामिल रहे, जिनका भाजपा का भगवा खंडवा पहनाकर राव ने पार्टी में स्वागत किया और जीवन को भाजपा की सदस्यता प्रदान की। अवसर पर भाजपा मुख्य आधिकारिक प्रवक्ता एन.वी. सुभाष, मेड़चल अर्बन जिला भाजपा पूर्व अध्यक्ष कांता राव, मूसापेट भाजपा पार्षद महेंदर आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



