संभल में मुहर्रम जुलूस को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन और 12 हजार CCTV से निगरानी

संभल (उत्तर प्रदेश), मुहर्रम के अवसर पर रविवार को निकलने वाले जुलूस को लेकर संभल पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि ड्रोन और 12,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए जुलूसों की निगरानी की जाएगी।

संभल पिछले वर्ष नवंबर में हुए तनावपूर्ण घटनाक्रम के बाद से संवेदनशील बना हुआ है। कोट गर्वी इलाके में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित शाही जामा मस्जिद का अदालत के आदेश पर सर्वेक्षण किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच झड़पें हुई थीं, जिसमें चार लोगों की मौत और पुलिस व प्रशासन के 29 कर्मियों सहित कई लोग घायल हुए थे। उसी के मद्देनजर प्रशासन अब हर आयोजन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रहा है।

संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार विश्नोई ने जानकारी दी कि इस वर्ष कुल 343 ताजिये जुलूस में निकाले जाएंगे। हर ताजिये के साथ एक पुलिसकर्मी को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है।

एसपी विश्नोई ने बताया कि ताजियेदारों ने अपने स्वयंसेवकों की सूची पुलिस को सौंपी है, जिन्हें विशेष पहचान पत्र दिए गए हैं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उनकी सहज पहचान की जा सके।

उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन कंपनियां पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी) और एक कंपनी आरआरएफ (त्वरित प्रतिक्रिया बल) की तैनाती की गई है। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है ताकि अफवाहों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button