धान खरीदी को लेकर तुम्मला के आरोप झूठे : बंडी संजय

हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने धान खरीद के मामले में केंद्र सरकार द्वारा तेलंगाना को सहयोग नहीं किए जाने तथा राज्य से केवल 25 प्रतिशत धान ही खरीदने संबंधी कृषि व विपणन मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव द्वारा लगाए गए आरोपों को अवास्तविक बताया।

केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को आज लिखे खुले पत्र में मंत्री तुम्मला से प्रश्न किया कि यदि केंद्र सरकार असहयोग कर रही है तो अब तक प्रधानमंत्री को मंत्री ने पत्र क्यों नहीं लिखा? उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य से केवल 25 प्रतिशत धान मात्र खरीद रही है, मंत्री का यह आरोप सरासर झूठ है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण फसलों का नुकसान भोग रहे किसानों की उपेक्षा किए जाने को लेकर भी केंद्र सरकार पर मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एनडीआरएफ के तहत प्रति वर्ष तेलंगाना को 400 करोड़ रुपये दे रही है, जिसका उपयोग कहाँ किया जा रहा है, बताएँ।

धान खरीद में केंद्र की बड़ी हिस्सेदारी का दावा

केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने स्पष्ट किया कि नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा प्रोक्यूर किए जाने वाले धान का बड़ा हिस्सा केंद्र सरकार ही खरीद रही है। गत खरीफ सीजन में 71.86 लाख मीट्रिक टन प्रोक्यूर किए गए धान में से 60 लाख मीट्रिक टन केंद्र सरकार ने खरीदा है। गत रबी सीजन में मिलिंग किए गए 74.22 लाख मीट्रिक टन धान में से 50.10 लाख मीट्रिक टन केंद्र सरकार ने खरीदा है।

मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार गत रबी सीजन की तुलना में इस वर्ष अतिरिक्त 2 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने तैयार है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने 12 सालों में तेलंगाना को 12 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 5 लाख एकड़ में किसानों को फसलों का नुकसान हुआ है ऐसे में राज्य सरकार ने प्रति एकड़ 10 हजार रुपये के हिसाब से 5 हजार करोड़ रुपए देने के बजाए केवल 250 करोड़ रुपये देकर हाथ झटक लिए हैं।

आरोप-प्रत्यारोप छोड़ किसानों की मदद की मांग

मंत्री ने कहा कि केंद्र की आलोचना कर रही राज्य की असमर्थ कांग्रेस सरकार किसानों को यूरिया तक सही तरीके से वितरण नहीं कर पा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप बंद करके धान खरीद केंद्रों के पास परेशान किसानों की समस्याएं दूर करें तो बेहतर होगा। किसानों को फसल पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) उपलब्ध कराएँ वहीं रबी सीजन में सभी फसलों पर वादे के अनुसार बोनस भी दें।

मंत्री ने मंत्री तुम्मला की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कानून लाने का वादा किया था अब पार्टी के घोषणा पत्र में क्या लिखा है यह तक असमर्थ मंत्री तुम्मला को पता नहीं है। उन्होंने कहा कि वादे के अनुसार किसानों के कर्ज तक माफ नहीं कर पा रही कांग्रेस सरकार के मंत्री तुम्मला ने खुद माना है कि करीब 20 लाख किसानों के कर्ज माफ नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गैर भाजपा शासित राज्यों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अमल की जा रही है यह तक मंत्री को पता नहीं है।

मंत्री ने मंत्री तुम्मला से प्रश्न किया कि केंद्र की फसल बीमा योजना को बेकार बता रहे मंत्री ने किसानों को राहत देने दूसरी वैकल्पिक बीमा योजना क्यों राज्य में शुरू नहीं की। उन्होंने कहा कि सरासर झूठ बोल रहे मंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

यह भी पढ़ें… सचेतकों के साथ रेवंत ने की बैठक

मोदी की जनसभा को सफल बनाने का आह्वान

केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने 10 मई को सिकंदराबाद के परेड मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा में स्वैच्छिक रूप से भाग लेकर जनसभा को सफल बनाने का सभी से आह्वान किया। बंडी संजय ने करीमनगर के गायत्रीनगर में भाजपा के नए जिला कार्यालय निर्माण हेतु भूमि पूजा की। वहीं प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा सफल बनाने तैयारी के लिए बैठक की।

इसके अलावा करीमनगर म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन से संबंधित करीब 16 लाख रुपये निधियों से विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी जिसके तहत ज्योतिनगर के केडीआर पार्क के दूसरे गेट के पास सीसी रोड तथा ड्रेन निर्माण कार्य की भी भूमि पूजा की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार तेलंगाना आ रहे प्रधानमंत्री की जनसभा में करीमगनर से हजारों की संख्या में जनसमीकरण किया जाएगा।

मंत्री ने भाजपाइयों को मीडिया व सोशल मीडिया में भी प्रचार करने के निर्देश दिए और कहा कि जनसभा में भाग लेने आने वालों के लिए परिवहन, भोजन आदि की पूरी व्यवस्था की जाए। जनसभा इस प्रकार सफल होनी चाहिए कि अगामी होने वाले चुनाव में भाजपा की जीत पक्की है, यह संदेश पहुंचे। अवसर पर करीमनगर महापौर कोलागानी श्रीनिवास, जिला भाजपा अध्यक्ष गंगाडी कृष्णा रेड्डी, उप महापौर सुनील राव, पार्षद बोइना पल्ली प्रवीणराव, भाजपा के वरिष्ठ नेता बी. सत्यनारायण, के. आंजनेयुलू, जी. रमेश, नल्लेला ओदेलू आदि उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button