बत्तिनी परिवार को पद्मश्री दिलाने करेंगे प्रयास : पोन्नम प्रभाकर

हैदराबाद, तेलंगाना के परिवहन मंत्री एवं हैदराबाद शहर प्रभारी मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि बत्तिनी गौड़ परिवार द्वारा निस्वार्थ भाव से दमा रोग निवारण के लिए दी जा रही मछली प्रसाद सेवा को देखते हुए परिवार को पद्मश्री अवॉर्ड दिलाने का राज्य सरकार की ओर से प्रयास किया जाएगा। आज यहाँ नुमाइश मैदान में बत्तिनी गौड़ परिवार द्वारा मछली प्रसाद वितरण का उद्घाटन करने के बाद मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि दूधबावली से बत्तिनी गौड़ परिवार की मछली प्रसाद की सेवा शुरू हुई, जो 177 वर्ष से जारी है।

बत्तिनी गौड़ परिवार द्वारा मछली प्रसाद वितरण कार्यक्रम

लोगों की संख्या बढ़ने के चलते नुमाइश मैदान में यह आयोजन वृहद रूप में किया जा रहा है। अटूट विश्वास के कारण ही हर साल आगंतुकों की संख्या बढ़ रही है। कांग्रेस सरकार ने सभी व्यवस्थाएँ की हैं। जनता को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए 11 विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। मछली प्रसाद मृगशिरा कार्ति के दिन ही हर वर्ष दिया जाता है, इससे दमा रोग का निवारण होता है। इस निस्वार्थ सेवा में बत्तिनी गौड़ परिवार के पुरुष, महिला एवं बच्चे 24 घंटे जुटे रहते हैं।

बत्तिनी परिवार की सेवा को पद्मश्री सम्मान की मांग

कार्यक्रम में पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़, राज्यसभा सांसद अनिल यादव, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधु याशकी, मत्स्य निगम के चेयरमैन मिट्टू साई कुमार, जामबाग के पार्षद राकेश जयसवाल, कर्नाटक के एमएलसी मंजूनाथ भंडारी शामिल हुए। मंत्री ने कहा कि देश के बाहरी क्षेत्र से आये लोगों के भोजन पानी की सुविधा के लिए बदरीविशाल पन्नालाल पित्ती ट्रस्ट-अग्रवाल सेवा दल द्वारा गत 2-3 दिनों से सेवा प्रदान की जा रही है। ट्रस्ट के सभी सदस्यों सहित स्वयंसेवी संगठन, संस्थाएँ, स्वयंसेवी व सरकार के विभिन्न विभागों का आभार प्रकट करते हैं।

अवसर पर पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने भी बत्तिनी गौड़ परिवार को निस्वार्थ सेवा के लिए पद्मश्री से सम्मानित किए जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि वे भी गत 1995 से मछली प्रसाद ले रहे हैं। कोविड समय को छोड़कर हर साल दवा ली है। बत्तिनी गौड़ परिवार से जुड़े हुए हैं। दमा रोग के निवारण के लिए दी जाने वाली मछली की दवा में बाधा उत्पन्न करने के लिए फार्मा कंपनियों एवं डॉक्टरों ने कई प्रकार से प्रयास किये, लेकिन वास्तव में मछली प्रसाद प्राकृतिक औषधि है जो दमा रोगियों का उपचार कर रही है।

इसके लिए देश ही नहीं, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड सहित अन्य कई देशों से लोग पूरे विश्वास के साथ आते हैं। इस दवा के लिए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सहित अन्य मंत्री अपनी सेवा दे रहे हैं और व्यवस्था करवा रहे हैं। कोई कितना भी दुष्प्रचार करने का प्रयास करे, पर इसमें जो ताकत है वह है विश्वास की। भाजपा के जामबाग पार्षद राकेश जायसवाल भी सेवा दे रहे हैं। उनका गत 35 वर्षों से परिचय है।

बत्तिनी परिवार की सेवा को मिला व्यापक सम्मान

राज्यसभा सदस्य अनिल कुमार यादव ने कहा कि हर साल की तरह इस वर्ष भी विश्वास के साथ कश्मीर से कन्याकुमारी तक व विदेशों से हैदराबाद में मछली प्रसाद के लिए लोग आये हैं। बत्तिनी परिवार की सेवा दूधबावली में होती थी, तभी से बत्तिनी परिवार से उनका व्यक्तिगत संबंध है। आज इतने बड़े पैमाने पर बिना किसी परेशानी के उचित तरीके से सेवा दी जा रही है। नगर प्रभारी मंत्री पोन्नम प्रभाकर की व्यवस्था के लिए आभार। गत एक सप्ताह से मछली निगम के चेयरमैन साई कुमार कार्यक्रम की व्यवस्था कर रहे हैं।

प्रदर्शनी मैदान में बत्तिनी गौड़ परिवार द्वारा वितरित मछली प्रसाद का लाभ लेते लोग।
प्रदर्शनी मैदान में बत्तिनी गौड़ परिवार द्वारा वितरित मछली प्रसाद का लाभ लेते लोग।

मछली प्रसादम की सेवा के लिए नगरवासियों को गर्व होना चाहिए। बत्तिनी परिवार की प्रतिष्ठा को केंद्र से सम्मान मिले, इसके लिए प्रयास किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग, विभिन्न सरकारी विभाग, स्वयंसेवी, सामाजिक संगठन लोगों को भोजन, पानी की सेवा दे रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी रोगियों की सेवा के लिए स्टॉल लगाया है, जो सराहनीय है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मधु याशकी ने कहा कि बत्तिनी परिवार 177 वर्ष से निस्वार्थ भाव से सेवा दे रहा है।

मछली प्रसाद विश्व स्तर पर ख्याति प्राप्त है। फार्मा कंपनियों ने काफी दुष्प्रचार किया, लेकिन बत्तिनी हरिनाथ गौड़ ने परेशानी को सहकर भी मछली प्रसादम जारी रखा। बत्तिनी परिवार की सेवा के मुख्य अतिथि हैदराबाद जिला प्रभारी मंत्री पोन्नम प्रभाकर, सांसद अनिल यादव, मत्स्य निगम के चेयरमैन मेट्टू साई कुमार, पुलिस, स्वयंसेवी, बेंगलुरू से आये एमएलसी मंजूनाथ भंडारी का आभार व्यक्त करते हैं।

यह भी पढ़ें… अजातशत्रु हैं बंडारू दत्तात्रेय, आत्मकथा के विमोचन के दौरान जमकर सराहना

बत्तिनी परिवार की सेवा को पद्मश्री सम्मान की मांग

इस कार्यक्रम के लिए पूरा बत्तिनी परिवार जुटा रहता है। ऐसे परिवार को पद्मश्री से पहले राज्य सरकार मान्यता देकर सम्मानित करे। मत्स्य कॉर्पोरेशन के चेयरमैन मेट्टू साई कुमार ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि बत्तिनी परिवार की सेवा को विश्व स्तर पर ख्याति प्राप्त है। देश के कई राज्यों से लोग आते हैं, जिनके लिए पिछले 10 दिनों से क्रमबद्ध व्यवस्थाएँ की गयीं। जीएचएमसी, मत्स्य विभाग सहित कुल 11 विभागों के अधिकारी व्यवस्था में लगे हैं।

गत 177 वर्षों से जारी बत्तिनी परिवार की इस सेवा के लिए पद्मश्री अवार्ड दिया जाना चाहिए। मत्स्य विभाग की आयुक्त प्रियंका ने सभी का आभार व्यक्त किया। अवसर पर पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़, सांसद अनिल कुमार यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मधु याशकी, एमएलसी मंजूनाथ, जामबाग पार्षद राकेश जायसवाल, बत्तिनी परिवार के बत्तिनी अमरनाथ गौड़ व अन्य सदस्य उपस्थित थे।

मछली प्रसादम के दौरान बदरीविशाल पन्नालाल पित्ती ट्रस्ट-अग्रवाल सेवा दल, अग्रवाल समाज तेलंगाना, हैदराबाद जायसवाल सेवा समिति, मैढ़ स्वर्णकार समाज तेलंगाना, श्री साई कृपा युवा समिति, अखिल भारतवर्षीय हरबे कलचुरी महिला महासभा, माधव सेवा महिला मंडल, पंजाबी सेवा समिति, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति भाषाई अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ व अन्य संगठनों सहित जीएचएमसी, जल बोर्ड ने सेवाएँ प्रदान कीं।

मछली प्रसाद की लाइन में हार्ट अटैक से वृद्ध की मौत

हैदराबाद, नामपल्ली स्थित प्रदर्शनी मैदान में मछली प्रसाद ग्रहण करने के लिए लाइन में लगे 77 वर्षीय वृद्ध की हार्ट अटैक की वजह से मौत हो गई।बेगम बाजार पुलिस ने बताया कि मेद क का रहने वाला सत्यनारायण मछली प्रसाद ग्रहण करने के लिए लाइन में लगा हुआ था। इसी दौरान वह अचानक गश खाकर गिर पड़ा। इसके बाद सिक्योरिटी द्वारा उसे खुली जगह में ले जाकर सीपीआर देते हुए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर आगे की जांच कर रही है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button