महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित, नारी शक्ति पर प्रेरक संबोधन
हैदराबाद, अग्रवाल शिक्षा समिति द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। यहाँ समिति के सेडमल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में समिति की अकादमिक निदेशक डॉ. सरोज जैन ने सभी का अभिनंदन व स्वागत करते हुए वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की थीम गिव टू गेन जेंडर इक्वालिटी पर अपने विचार रखते हुए सभी आमंत्रित अतिथियों और उपस्थित व्यक्तियों का अभिनंदन व स्वागत किया। सभा का प्रारंभ परम्परागत रीति से मातृभूमि वंदना, दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
अवसर पर मुख्य अतिथि प्रसिद्ध उद्यमी भगवती बल्दवा ने ‘नारी सशक्तिकरण भारतीय संदर्भ में’ विषय पर बड़े ही प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि कोई संस्था अगर निर्बाध रूप से सफलतापूर्वक शतायु प्राप्त करती है तो यह पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों द्वारा किया गया त्याग और समर्पण का द्योतक है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी सशक्तिकरण के विषय पर विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि पाश्चात्य देशों में नारी को सम्मान व समान अधिकार प्राप्त करने के लिए कई वर्ष लग गए, किन्तु हमारे देश में नारी सदैव से सशक्त और पूजनीय है। हमारी संस्कृति में महिलाओं को समाज में उत्तम स्थान प्राप्त है, उनका कार्यक्षेत्र अलग है और वे कमजोर नहीं हैं।
महिलाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानना चाहिए और पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से दूर रहना चाहिए। अगर हम अपनी विशाल संस्कृति का अनुकरण करते हैं तो हमारी प्रगति निश्चित है। समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार केड़िया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भगवती बल्दवा जैसा वक्ता और अनुकरणीय उदाहरण स्वरूप बहुत उपयुक्त अतिथि मौजूद है। उन्होंने कहा कि अगर सभा में उपस्थित युवा पीढ़ी भगवती बल्दवा के साहस, संघर्ष और उपलब्धियों का 20 प्रतिशत भी अनुकरण कर सके तो उनकी सफलता निश्चित है।

महिला दिवस हर दिन मनाने की जरूरत: सीए नवीन अग्रवाल
मानद मंत्री सीए नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि बालिका साक्षरता का लक्ष्य साधने के लिए 100 वर्ष पूर्व एक नन्हे से पौधे को बालिका विद्यालय के रूप में रोपा था जो आज एक विशाल वटवृक्ष बन गया है। महिला दिवस सिर्फ एक दिन के लिए न होकर प्रतिदिन होना चाहिए। मानव जीवन में समाज के हर क्षेत्र में नारी बहुत महत्वपूर्ण स्थान रखती है। यह व्यक्तित्व व चरित्र निर्माण और संस्कार प्रदान करती है। कार्यक्रम में जीकेपीएस की अध्यापिका मेधा कुलकर्णी ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया।
कार्यक्रम का संचालन एमबीए की प्राध्यापिका डॉ. बी. पद्मजा ने किया। एमसीए के प्राध्यापक नवीन श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त किया। अवसर पर मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. मोहन गुप्ता, एसडीएस, एमबीए के करेस्पॉन्डेंट मुकुन्दलाल अग्रवाल, बीबीएमएस के करेस्पॉन्डेंट शेष कुमार गोयल, संयुक्त अकादमिक निदेशक डॉ. राजेश अग्रवाल, समिति के शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यगण, प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



