21 साल की जंगा शिवानी बनीं सबसे कम उम्र की महिला सरपंच
संगारेड्डी, संगारेड्डी जिला, थलापुर मंडल के तान्द्रियाला गांव में ग्राम पंचायत चुनावों के दौरान इतिहास रचते हुए महज 21 वर्ष की उम्र में जंगा शिवानी गांव की सरपंच बनी और इसके साथ ही वह मंडल की सबसे कम उम्र की महिला सरपंच बन गई हैं। उनकी इस जीत ने न केवल गांव बल्कि पूरे मंडल में चर्चा और उत्सुकता पैदा कर दी है।
बताया गया कि हाल ही में डिग्री की पढ़ाई पूरी करने वाली जंगा शिवानी ने अपने पति और समर्थकों के सहयोग से सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ा। चुनाव में उन्होंने कुल छह उम्मीदवारों के बीच कड़ी मुकाबले के बाद पांच अन्य प्रत्याशियों को पराजित कर स्पष्ट जीत दर्ज की।
ग्राम पंचायत चुनाव में युवा नेतृत्व की जीत
अपनी जीत के बाद शिवानी ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान ग्रामीणों से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरी ईमानदारी से निभाया जाएगा। उन्होंने गांव के सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और महिलाओं के सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि कम उम्र के बावजूद शिवानी में नेतृत्व की क्षमता और नई सोच है।
उनकी जीत को गांव में बदलाव और विकास की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। 21 साल की उम्र में गांव की मुख्य सरपंच बनने से जंगा शिवानी युवाओं, खासकर महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं। शिवानी की ऐतिहासिक जीत के बाद गांव में जश्न का माहौल है। समर्थकों ने मिठाइयां बांटीं और उन्हें शुभकामनाएं दीं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि युवा नेतृत्व के साथ तान्द्रियाला गांव विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



