प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से नौ संकल्प लेने की अपील की
मांड्या (कर्नाटक), प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोगों से ‘‘विकसित कर्नाटक और विकसित भारत’’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती, फिटनेस और सेवा समेत नौ सामूहिक संकल्प लेने की अपील की।
अपनी प्राथमिकताओं को गिनाते हुए मोदी ने कहा कि उनका पहला आग्रह जल संरक्षण और बेहतर जल प्रबंधन को लेकर है। इसके बाद उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण, सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता, “वोकल फॉर लोकल” के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, घरेलू पर्यटन को प्रोत्साहित करने, रसायन मुक्त प्राकृतिक खेती अपनाने, मोटे अनाज के साथ स्वस्थ भोजन करने और तेल के कम उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
सामाजिक और राष्ट्रीय विकास से जुड़े संकल्पों पर जोर
मोदी ने लोगों से योग और फिटनेस को अपनाने तथा सेवा भाव को बढ़ाने का भी आग्रह किया। उन्होंने मांड्या स्थित आदिचुंचनगिरि महासंस्थान मठ में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘यदि हम इन नौ संकल्पों पर ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें, तो हम तेजी से विकसित कर्नाटक और विकसित भारत की दिशा में प्रगति कर सकते हैं।’’ (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



