जम्मू में अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू, बड़ी संख्या में लोग उमड़े

जम्मू, दक्षिण कश्मीर हिमालय में होने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण बुधवार से शुरू हो गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां लगाए गए ‘काउंटर्स’ पर उमड़ पड़े। अग्रिम पंजीकरण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा रहा है। यह 57 दिनों तक चलने वाली यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को समाप्त होगी। यह यात्रा दो मार्गों से संचालित होगी, जिसमें अनंतनाग में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल में 14 किलोमीटर का छोटा लेकिन कठिन बालटाल मार्ग शामिल हैं।

पंजाब नेशनल बैंक के जम्मू मंडल प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक (डीजीएम) पंकज कुमार वर्मा ने बताया, ‘‘अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से खोला गया है।’’ अमरनाथ यात्रा के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) नोडल बैंक की भूमिका निभा रहा है। वर्मा ने बताया कि देशभर में कुल 556 बैंक शाखाएं पंजीकरण प्रक्रिया में शामिल हैं, जिनमें से 310 शाखाएं पंजाब नेशनल बैंक की हैं। जम्मू में छह काउंटर स्थापित किए गए हैं।

देशभर से श्रद्धालुओं का उत्साह

जम्मू में जे-के बैंक और पीएनबी की ऑफलाइन शाखाओं में सुबह आठ बजे से ही लंबी कतारें देखी गईं, जहां श्रद्धालु पंजीकरण शुरू होने से एक घंटा पहले ही कतार में लग गए। जम्मू निवासी यामिनी शर्मा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं गुफा मंदिर में सबसे पहले दर्शन करने वालों में शामिल होना चाहती हूं। इसी कारण मैं सुबह जल्दी पंजीकरण के लिए आयी हूं। यह मेरी दूसरी यात्रा होगी।’’

शर्मा ने बताया कि वह अपने माता-पिता, बहन और भाई के साथ पहलगाम मार्ग से यात्रा करेंगी। उन्होंने कहा कि कश्मीर में सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है और सामान्य स्थिति बनी हुई है, इसलिए अधिक से अधिक हिंदुओं को यहां आकर दर्शन करने चाहिए।

प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाएं कड़ी कीं

पंजाब के पठानकोट से रिहाड़ी कॉलोनी स्थित पीएनबी शाखा में पंजीकरण कराने आए विनोद कुमार ने बताया कि यह उनकी 11वीं अमरनाथ यात्रा होगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम पिछले कई वर्षों से पहले जत्थे में गुफा मंदिर के दर्शन करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी हमने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है।’’

पीएनबी के डीजीएम ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कानून-व्यवस्था की स्थिति में काफी सुधार हुआ है, जिससे बैंकों का सहयोग भी बढ़ा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी। इसके अनुसार, हम यह आकलन कर रहे हैं कि बैंक पंजीकरण प्रक्रिया को और सरल और सुगम कैसे बनाया जाए।’’ अधिकारियों के अनुसार, ऑफलाइन पंजीकरण देशभर की 556 बैंक शाखाओं में किया जा सकता है, जिनमें पंजाब नेशनल बैंक की 310, जे-के बैंक की 90, यस बैंक की 37 और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की 99 शाखाएं शामिल हैं। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button