हैदराबाद : ध्यान भंग कर लूटपाट करने वाला धरा गया

हैदराबाद, खैरताबाद जोन की सुल्तान बाजार पुलिस ने एटीएम सेंटरों के पास लोगों का ध्यान भंग कर लूटपाट करने वाले शातिर ठग इंटीपल्ली रामाराव उर्फ श्रीराम उर्फ रामू (31) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने दो सेलफोन जब्त कर बैंक में जमा 2.4 लाख रुपये की नकदी फ्रीज कर दी।

यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए खैरताबाद जोन की पुलिस उपायुक्त के. शिल्पावल्ली ने बताया कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर सुल्तान बाजार पुलिस इंस्पेक्टर जी. नरेश ने एसीपी एम. मट्ठय्या के नेतृत्व में छानबीन कर इंटीपल्ली रामाराव को जुबली बस स्टेशन, सिकंदराबाद के डार्मीटोरी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूलत रुद्रावारी मेराका ग्राम राजोल मंडल, कोनासीमा ज़िला, आंध्र-प्रदेश का रहने वाला है।

आरोपी रामाराव एटीएम सेंटरों के पास विशेषकर एसबीआई बैंक के एटीएम सेंटरों को निशाना बनाकर ठगी कर रहा था। एटीएम सेंटरों के पास वह पैसा जमा करने के लिए आने वाले लोगों को अपने बातों के जाल में फँसाकर उनके पास से जमा करने संबंधी रकम यह कहकर ले लेता था कि वह ऑनलाइन स्तर पर यह रकम उनके बैंक खाते में स्थानांतरित कर देगा। कोई न कोई आवश्यकता का बहाना बनाकर वह जमा किया जाने वाला पैसा उसे देने और इसके बदले ऑनलाइन स्तर पर रकम स्थानांतरित करने का झाँसा देता था।

यह भी पढ़ें… नईम के अनुचर की हत्या के प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

महिला से एक लाख रुपये लेकर किया धोखा

गत 22 अप्रैल को सिकंदराबाद निवासी ए. सुनीता ने शिकायत दर्ज करवाई और बताया कि वह एक लाख रुपये जमा करने के लिए दोपहर 1.30 बजे एसबीआई एटीएम सेंटर गयी हुई थी। कुछ तकनीकी खामी के चलते पैसे जमा नहीं हो रहे थे। इस दौरान आरोपी वहाँ पहुँच गया और उसने सुनीता को आश्वासन दिया कि वह एक लाख रुपये एनईएफटी अकाउंट के जरिए ऑनलाइन स्तर पर उसके बैंक खाते में जमा कर देगा।

पैसा लेने के बाद आरोपी ने सेलफोन में एक फर्जी मैसेज सुनीता को दिखाया, जिसमें पैसा जमा कर दिए जाने की जानकारी दी गई। लेकिन सुनीता को कोई पैसे प्राप्त नहीं हुए। इस कारण सुनीता उसे अपने साथ अपनी दुकान पर ले गई और पैसा ट्रांसफर होने तक उसे वहीं रुकने के लिए कहा। लगभग 20 मिनट रुकने के बाद आरोपी उसे चकमा देकर फरार हो गया।सुनीता की शिकायत पर मामला दर्ज कर सुल्तान बाजार पुलिस ने विभिन्न एटीएम सेंटरों की छानबीन करने के बाद वहाँ लगे सीसी टीवी कैमरों की वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जाँच-पड़ताल करने पर पता चला कि आरोपी ने राजमंड्री टू टाउन पुलिस, मलकपेट, जेडिमेट्ला, बोइनपल्ली, करीमनगर टू टाउन पुलिस, मियाँपुर और सुल्तान बाजार पुलिस थाना परिधि में इसी प्रकार से 8 आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया। इसके पूर्व उसके खिलाफ वर्ष 2018 से 2025 तक ध्यान भंग कर ठगी करने के 73 मामले दर्ज़ है। वर्ष 2019 के दौरान कुकटपल्ली पुलिस, वर्ष 2022 के दौरान सुल्तान बाजार और वर्ष 2023 के दौरान मधुरानगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ मामले दर्ज़ कर उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button