नईम के अनुचर की हत्या के प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद, मल्काजगिरी की कुशाईगुड़ा पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर नईम के अनुचर पाशम श्रीनिवास की हत्या के प्रयास मामले में आरोपी मो. ख्वाजा और मो. अजमत को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि इन दोनों ने चार दिन पूर्व राधिका चौराहा स्थित स्वागत ग्रैंड होटल के पास पाशम श्रीनिवास की हत्या का प्रयास किया था।
कुशाईगुड़ा पुलिस थाने के सब-इंस्पेक्टर वेंकन्ना ने बताया कि गैंगस्टर नईम का मुख्य अनुचर सत्यनारायण कॉलोनी, सफीलगुड़ा निवासी पाशम श्रीनिवास (53) का वित्तीय लेन-देन मामले को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी मो. ख्वाजा (37) श्रीनिवास के साथ इसके पूर्व नईम के पास कार्य कर चुके हैं। दोनों के खिलाफ कुछ आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। श्रीनिवास ख्वाजा को खर्च के लिए अक्सर पैसे भी देता था, लेकिन कुछ दिन से दोनों के बीच वित्तीय मामलों को लेकर विवाद चल रहा था, क्योंकि श्रीनिवास दिया गया पैसा ख्वाजा से लौटाने की माँग करते हुए उस पर दबाव डाल रहा था।
इस कारण ख्वाजा ने उसकी हत्या करने की साजिश रची और गत 24 अप्रैल को कार चालक मो. अजमत (31) के साथ मिलकर रेक्की करते हुए स्वागत ग्रैंड होटल पहुँचा और श्रीनिवास की हत्या करने के लिए घात लगाए बैठा था। श्रीनिवास अपने भाई स्वामी के साथ होटल पहुँचा। स्वामी की नजर ख्वाजा पर पड़ गई। स्वामी को संदेह हुआ और उसने ख्वाजा को पकड़ लिया और उसका बैग तलाशने पर बैग से दो चाकू बरामद हुए। इस दौरान उसका साथी मो. अजमत फरार हो गया।
यह भी पढ़ें… शंकरपल्ली में क्रेन गिरने से 5 की मौत, 11 घायल
श्रीनिवास की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सोमवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से एक कार, दो चाकू व दो सेलफोन जब्त कर लिए। दोनों को आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



