8 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ करेंगे प्रधानमंत्री : किशन
हैदराबाद, केंद्रीय कोयला व खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि रविवार, 10 मई को तेलंगाना दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 7,823 करोड़ रुपये से पूरे किए गए विकास कार्य का शुभारंभ किया। इसके अलावा कुछ परियोजनाएँ तेलंगाना को समर्पित करेंगे। यह तेलंगाना की प्रगति के लिए बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए किशन रेड्डी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1,243 करोड़ रुपये खर्च से पूरी की गयी काजीपेट से विजयवाड़ा तक तीसरी रेलवे लाइन का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा महबूबनगर क्षेत्र में करीब 3,175 करोड़ रुपये खर्च से निर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग प्रॉजेक्ट का प्रधानमंत्री वर्चुअल तौर पर शुभारंभ करेंगे।
इसके अलावा हैदराबाद के मल्कापुर में करीब 611 करोड़ रुपये खर्च से निर्मित पेट्रोलियम उत्पादन से संबंधित बड़े टर्मिनल का प्रधानमंत्री वर्चुअल तौर पर शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि करीब 1. 6 लाख किलो लीटर क्षमता से निर्मित इस टर्मिनल में पेट्रोल, डीजल, एविएशन फ्यूल, ल्युब्रीकेंट्स जमाव व वितरण सुविधा रहेगी। उन्होंने अन्य प्ररियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परियोजनाएँ तेलंगाना के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने बताया कि देशभर में 12 ग्रीन फील्ड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित किए जा रहे हैं। इसमें एक तेलंगाना के जहीराबाद में आवंटित है।
हाईटेक सिटी रेलवे स्टेशन 95% पूरा, जल्द होगा उद्घाटन
तेलंगाना में यह प्रॉजेक्ट लाने के लिए उन्होंने खास प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र में तेलंगाना में करीब 85 हजार करोड़ रुपये मूल्य के कार्य जारी हैं, जिनमें कुछ प्रॉजेक्ट करीब 90 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि तारनाका में करीब 400 करोड़ रुपये खर्च से अंतरराष्ट्रीय स्तर के नेशनल साइंस सेंटर का निर्माण जारी है। यह डिफेन्स, फार्मा, मेडिकल रिसर्च के साथ आईटी क्षेत्र, विश्वविद्यालय शोध के लिए उपयोगी होगा। उन्होंने बताया कि हाईटेक सिटी रेलवे स्टेशन का करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही इसे प्रारंभ किया जाएगा।
महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन बिल व डिलिमिटेशन बिल के लोकसभा में पारित नहीं होने को लेकर किशन रेड्डी ने इसका दोषी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी व तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टॉलिन को ठहराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के हर कार्यक्रम का विरोध करना इनका लक्ष्य हो चुका है। उनका उद्देश्य जनता का नुकसान हो जाए परवाह नहीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय नहीं मिलना चाहिए है। डिलिमिटेशन से दक्षिण को नुकसान होगा कहकर जो दुष्प्रचार किया गया, उससे कांग्रेस ने एससी, एसटी व महिलाओं का नुकसान किया।
यह भी पढ़ें… श्रमिकों को उचित सम्मान : रेवंत रेड्डी
केसीआर की टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री की नाराजगी
पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव द्वारा हाल में भाजपा सांसदों के प्रति बेवकूफ (वेधवा) शब्द का उपयोग किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि चुने हुए सांसदों के प्रति इस प्रकार की शब्दावली का प्रयोग करने वाले केसीआर बीच-बीच में नींद से जागते हैं और अनाप शनाप आलोचना करते हैं। उन्होंने मेट्रो रेल फेस वन का राज्य सरकार द्वारा अधिग्रहण किए जाने को लेकर पूछे गए प्रश्न पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अभी फाइनल डीटेल्ड प्रॉजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) प्राप्त होने के बाद स्पष्टता दे पाएँगे।
किशन रेड्डी ने कहा कि तीसरी बार पद संभालने के बाद पहली बार तेलंगाना आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 मई को शाम 4 बजे परेड मैदान में आयोजित जनाक्रोश जनसभा में भाग लेंगे। चुनाव के बाद से तेलंगाना में भाजपा काफी मजबूत हुई है। करीब 40 लाख सदस्य बने हैं। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल से लेकर मंडल, जिला व प्रदेश स्तर पर कमेटियों का गठन किया गया। उत्तर तेलंगाना में दो विधान परिषद सदस्य ग्रैजुएट कांस्टेंसी व टीचर्स कांस्टेंसी से विजयी हुए हैं। अवसर पर एससी मोर्चा राष्ट्रीय सचिव एस. कुमार, प्रदेश आधिकारिक प्रवक्ता पोरेड्डी किशोर रेड्डी, पुल्ला राव यादव, एस. प्रकाश रेड्डी, समता, सुभाषिणी व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



