हैदराबाद : मात्र 48 घंटे के भीतर शिशु के अपहरण की गुत्थी सुलझी
हैदराबाद, साइबराबाद की सुरारम पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर 7 माह के बालिका शिशु के अपहरण की गुत्थी को सुलझाकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि गत 4 मई की तड़के 2 बजे मल्ला रेड्डी अस्पताल के सामने फुटपाथ पर सो रही बशीर की पत्नी नवनीता के पास से मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने उसकी 7 माह की पुत्री आशा का अपहरण कर लिया था।

कुतबुल्लापुर डिवीजन के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पुरुषोत्तम और एसीपी ए. बाल गंगी रेड्डी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिशु के अपहरण की गुत्थी को सुलझाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने मैलारदेवपल्ली निवासी व मूलत कर्नाटक निवासी श्रीदेवी (35), राजेन्द्रनगर निवासी व मूलत कर्नाटक के रहने वाले कार्तिक (18), राजेन्द्रनगर निवासी जॉनसन (24) और दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से अपहृत बालिका शिशु को मुक्त करवाकर उसे उसके माता-पिता के हवाले कर दिया। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल और 5 सेलफोन जब्त किए। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी श्रीदेवी की ननद को संतान न होने के कारण उसने शिशु चुराने की योजना बनाई। इस कार्य में उसने अपने साथ कैटरिंग का कार्य करने वाले कार्तिक उर्फ सोनू जॉनसन और दो नाबालिगों को शामिल किया।
यह भी पढ़ें… ओआरआर पर दुर्घटनाओं में से एक-तिहाई का कारण नींद : सज्जनार
अस्पताल के पास शिशु चोरी की पहले से रेक्की
सोची-समझी साजिश के तहत चारों आरोपी तीन मई की रात को मल्ला रेड्डी अस्पताल के निकट शिशु चुराने के लिए चक्कर लगा रहे थे। 9 बजे तक रेक्की करने के बाद वे वहाँ से चले गए, लेकिन इसके पूर्व फुटपाथ पर अपनी बालिका आशा के साथ सो रही नवनीता पर नजर रखी। देर रात 2 बजे नवनीता और उसके परिवार के गहरी नींद में सो जाने के बाद मोटरसाइकिल पर आए जॉनसन और कार्तिक ने नवनीता की पुत्री आशा को चुरा लिया और फरार हो गए।
नवनीता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आस-पास लगे सीसी टीवी वीडियो कैमरों की छानबीन कर आरोपियों की पहचान कर ली। आरोपियों के पहचान के आधार पर 5 मई की रात 11.40 बजे आरोपियों को राजेन्द्रनगर डेयरी फार्म के निकट स्थित रॉयल हयात फंक्शन हॉल के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले को सुलझाने में सुरारम पुलिस इंस्पेक्टर एस. सुधीर कृष्णा, डुंडिंगल के गुप्तचर इंस्पेक्टर बाल रेड्डी, एसओटी इंस्पेक्टर श्याम सुन्दर, सीसीएस इंस्पेक्टर डाली नायुडू की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



