साइबर ठगी का फरार आरोपी गिरफ़्तार
हैदराबाद, तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो ने करोड़ों रुपये के साइबर ठगी के मामले में फरार आरोपी विजयवाड़ा निवासी वड्डेवल्ली ललिता सरन कुमार (30) को गोरखपुर स्थित भारत-नेपाल की सीमा पर सुनौली चेकपोस्ट के पास से गिरफ़्तार कर लिया। उसके ख़िलाफ एलओसी जारी की गई थी। इसके आधार पर ही उसे नेपाल फरार होने से पहले ही सीमा पर हिरासत में ले लिया गया। उसे ट्रांजिट वारंट पर हैदराबाद लाने के बाद अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस पूरे मामले में सरन कुमार ने महत्वूपर्ण भूमिका निभाई थी।
आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो की निदेशक व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शिखा गोयल ने बताया कि सरन कुमार दुबई में रहते हुए कमीशन के आधार पर साइबर ठगी के लिए लोगों से म्यूल बैंक खाते हासिल कर रहा था। उन्होंने बताया कि गत 22 अगस्त, 2024 को तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो ने स्वयं संज्ञान के तहत पुराने शहर के शमशीरगंज स्थित एसबीआई शाखा में 6 बैंक खातों में साइबर ठगी संबंधी करोड़ों रुपये के लेन-देन को लेकर मामला दर्ज किया।
एसबीआई शाखा में संदिग्ध खातों से करोड़ों का साइबर लेन-देन
इस मामले में बैंक के शाखा प्रबंधक के अलावा दो एजेंटों और तीन खातेदारों समेत 6 आरोपियों को इसके पूर्व गिरफ्तार किया गया। जाँच-पड़ताल के दौरान पता चला कि शमशीरगंज एसबीआई शाखा में सीसीईएचडी बैंक खाता, जिसे सय्यद इकबाल हुसैन ने खोला था, इस बैंक खाते में 234 साइबर अपराध संबंधी 21.06 करोड़ रुपये के लेन-देन किए गए।
इसी प्रकार मोहम्मद बिन अहमद बावजीर द्वारा संचालित प्रोवेक्स वैड ट्रेडर्स के नाम से बैंक खाते में 34.19 लाख रुपये, अहमद सिद्दिकी द्वारा संचालित क्वांटम क्वोटिफिएंट इन्नोवेशन के नाम के बैंक खाते में 1.42 करोड़ रुपये, मो. इमरान खान द्वारा संचालित पिनाकल्स पल्स इंटरप्राइजेस के नाम के बैंक खाते में 34.22 लाख रुपये, मो. अब्दुल रज्जाक द्वारा संचालित सिनर्जी स्कल्प्ट ट्रेडर्स के नाम के बैंक खाते में 8.49 करोड़ रुपये और मो. बिन अहमद बावजीर द्वारा संचालित प्रोवेक्स एएचएम फ्यूजन नाम के बैंक खाते में 124.25 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन गत मार्च से अप्रैल-2024 के दौरान किए गए।
यह भी पढ़े: ईडी की दिल्ली में चीनी साइबर ठगी मामले में छापेमारी
मुख्य आरोपी सरन कुमार दुबई में रहकर इन बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी से संबंधित करोड़ों रुपये का ट्रांजैक्शन कर रहा था। उसके खिलाफ एलओसी जारी की गई और उसे नेपाल फरार होने से पहले ही सुनौली चेकपोस्ट के पास से गिरफ़्तार कर लिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



