हरित गलियारे के रूप में होगी एयरपोर्ट-फ्यूचर सिटी मेट्रो

हैदराबाद, हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड एवं हैदराबाद एयरपोर्ट मेट्रो लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एनवीएस रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से फ्यूचर सिटी का मेट्रो मार्ग आदर्श हरित मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा। लगभग 40 किलोमीटर के इस मार्ग पर मेट्रो रेल द्वारा 40 मिनट में यात्रा पूरी की जा सकेगी।

एयरपोर्ट-फ्यूचर सिटी मेट्रो के तहत पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों का निरीक्षण करते हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड एवं हैदराबाद एयरपोर्ट मेट्रो लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एनवीएस रेड्डी व अन्य अधिकारी। साथ में कॉरिडोर का नमूना चित्र।

एनवीएस रेड्डी ने किया पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों का निरीक्षण

एनवीएस रेड्डी ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट-फ्यूचर सिटी मेट्रो कॉरिडोर का निरीक्षण किया, जो शमशाबाद हवाई अड्डे से शुरू होकर राविरियाला से गुजरेगा। उन्होंने बताया कि हैदराबाद, सिकंदराबाद और साइबराबाद की तर्ज पर चौथे शहर के रूप में फ्यूचर सिटी को विकसित करने के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के विजन को ध्यान में रखते हुए नये मेट्रो मार्ग की योजना बनायी जा रही है।

यहाँ प्रदूषण मुक्त हरित शहर का निर्माण मुख्य लक्ष्य है। इस मार्ग पर हैदराबाद एयरपोर्ट मेट्रो रेल लिमिटेड, हम्डा और टीजाआईआईसी के सहयोग से मेट्रो रेल विस्तार योजना तैयार की जा रही है।एनवीएस रेड्डी ने कहा कि फ्यूचर सिटी के लिए उपयुक्त हरित गलियारा विकसित करने तथा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से फ्यूचर सिटी तक त्वरित और आसान पहुँच उपलब्ध कराने की योजना के अंतर्गत मेट्रो रेल का मार्ग का निर्माण काफी महत्वपूर्ण है।

फ्यूचर सिटी के लिए हरित मेट्रो गलियारे की योजना

एनवीएस रेड्डी ने कहा कि इन विचारों को वास्तविकता में बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही मेट्रो रेल सहित यह ग्रीन कॉरिडोर भविष्य के शहर, जो लगभग पंद्रह हजार एकड़ में फैला होगा, को प्रदूषण मुक्त बनाने और उसे विश्व स्तरीय यात्रा सुविधाएँ प्रदान करने में प्रमुख भूमिका निभाएगा।

एनवीएस रेड्डी ने खानपेट में निर्माणाधीन स्किल यूनिवर्सिटी तक मेट्रो कॉरिडोर की डीपीआर तैयार करने के लिए किए जा रहे सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिये। उन्होंने कहा कि शमशाबाद हवाई अड्डे से फ्यूचर सिटी तक मेट्रो मार्ग लगभग 40 किलोमीटर लंबा होगा, जो हवाई अड्डे के टर्मिनल से शुरू होकर, नवस्थापित मेट्रो रेल डिपो के किनारे से हवाई अड्डे की सीमा की दीवार के साथ एक एलिवेटेड मार्ग के रूप में विस्तारित होगा।

हवाई अड्डे से फ्यूचर सिटी तक 40 किमी मेट्रो मार्ग

5 किलोमीटर तक मन्सनपल्ली रोड से गुजरेगा और पेद्दा गोलकोंडा ओआरआर निकास तक पहुँचेगा। बहादुरगुड़ा और पेद्दा गोलकोंडा में दो मेट्रो स्टेशनों को अत्यधिक आकर्षक तरीके से विकसित किया जाएगा, जिससे बहादुरगुड़ा में लगभग 1000 से 1500 एकड़ सरकारी भूमि को अंतरराष्ट्रीय स्तर के केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। लगभग 14 किलोमीटर तक मेट्रो लाइन का निर्माण मेट्रो रेल के लिए आवंटित ओआरआर परिसर में कम ऊँचाई पर एलिवेटेड मेट्रो लाइन के रूप में किया जाएगा, जो पेद्दा गोलकोंडा ओआरआर निकास से तुक्कुगुड़ा निकास के माध्यम से राविरियाल निकास तक होगा।

एनवीएस रेड्डी ने बताया कि हम्डा द्वारा राविरियाला निकास से कौशल विश्वविद्यालय तक निर्मित की जा रही 100 मीटर (328 फीट) चौड़ी ग्रीनफील्ड सड़क के 22 मीटर (72 फीट) हिस्से को सड़क के मध्य में एट ग्रेड (जमीन पर) मेट्रो रेल कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा।

फ्यूचर सिटी मेट्रो कॉरिडोर की डीपीआर मार्च तक तैयार

सड़क के बीच में एक ही लेवल पर मेट्रो रेल होगी, तो इसके दोनों ओर तीन लेन की मुख्य सड़क होगी। मेट्रो और मुख्य सड़क को अलग करने के लिए पेड़ और हरियाली विकसित की जाएगी तथा मुख्य सड़क के दोनों ओर दो और सर्विस रोड बनायी जाएँगी। उन्होंने बताया कि दूर दृष्टा के रूप में दिवंगत मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी ने ओआरआर के पास 20 मीटर की भूमि भविष्य की मेट्रो रेल के लिए रखी थी।

अब वह जगह काम आ रही है। हम्डा, टीजीआईआईसी और मेट्रो रेल संयुक्त रूप से इन योजनाओं को साकार करने के लिए काम कर रहे हैं। मेड़चल और शामीरपेट कॉरिडोर के साथ फ्यूचर सिटी मेट्रो कॉरिडोर की डीपीआर मार्च के अंत तक पूरी कर ली जाएगी और राज्य सरकार की मंजूरी के साथ केंद्र सरकार को सौंप दी जाएगी।

Now you can get the latest stories from DailyHindiMilap on our Social Media Handles every day.  Click to follow Daily Hindi Milap Facebook page, Instagram and Twitter.

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button