अंबेडकर जयंती संवैधानिक आदर्शों की कटिबद्धता का प्रतीक : राज्यपाल
हैदराबाद, लोक भवन में आज भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती मनाई गई। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही एकता तथा बंधुत्व की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए प्रदेशवासियों को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएँ दीं।
राज्यपाल ने डॉ. अंबेडकर को भारत का महान सपूत तथा दूरदर्शी समाज सुधारक बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन प्रतिकूल परिस्थितियों के विरुद्ध मानवीय संकल्प की विजय का जीवंत उदाहरण है। प्रख्यात न्यायविद के रूप में उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन न्याय, समानता तथा समाज के वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित कर दिया। राज्यपाल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की विरासत आज भी हमें गरीबों और पिछड़ों के अधिकारों तथा हितों की रक्षा के लिए प्रेरित करती है।
यह भी पढ़ें… मुसलमानों को लेकर डॉ. अंबेडकर की शंका सही साबित हुई : राजा सिंह
डॉ. अंबेडकर द्वारा रचित भारतीय संविधान को विश्व के सर्वश्रेष्ठ संविधानों में से एक बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज हर नागरिक के लिए संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वह बाबा साहेब के जीवन से प्रेरणा लेते हुए समावेशी समाज के निर्माण में योगदान दें। अवसर पर राज्यपाल के विशेष मुख्य सचिव एम. दाना किशोर सहित लोक भवन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



