शपथ समारोह के लिए कोलकाता पहुंचे अमित शाह

कोलकाता, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार सुबह कोलकाता पहुंचे, जहां वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में पश्चिम बंगाल में पार्टी के नेता का चुनाव किया जाएगा और राज्य में भाजपा की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों पर चर्चा होगी।
शुभेंदु अधिकारी समेत अन्य भाजपा नेताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाह का स्वागत किया। हवाई अड्डे से वह न्यू टाउन स्थित एक होटल गए। दोपहर में शाह विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।
नयी सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया
शनिवार को वह ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन का अंत कर दिया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके राजनीतिक जीवन का सबसे बड़ा झटका दिया। राज्यपाल आर एन रवि ने बृहस्पतिवार को विधानसभा भंग कर दी, जिससे नयी सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया।
बंगाल में शपथ ग्रहण के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड में बहुस्तरीय सुरक्षा
एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नौ मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कोलकाता स्थित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले इस समारोह के लिए करीब 4,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की भी तैनाती की जा सकती है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कांग्रेस और वामपंथी दलों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना को देखते हुए 900 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले इस मैदान को प्रभावी भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए लगभग 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार में वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक कर इस कार्यक्रम की सुरक्षा रूपरेखा को अंतिम रूप दिया। समारोह में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। प्रवेश द्वारों पर डोर-फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंडहेल्ड स्कैनर लगाए जाएंगे, जबकि पूरे स्थल की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। (भाषा)
यह भी पढ़े– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर जापान पहुंचे
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



