अभिनेत्री आशु रेड्डी का पूर्व प्रेमी को धमकी देने का ऑडियो वायरल
हैदराबाद, बिग बॉस फेम फिल्म अभिनेत्री आशु रेड्डी के मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब आशु रेड्डी और उसके पूर्व प्रेमी पेशे से व्यापारी धर्मेन्द्र के बीच सेलफोन पर बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया। गौरतलब है कि विवाह करने का आश्वासन देकर आशु रेड्डी ने धर्मेन्द्र के पास से वर्ष 2018 से 2026 तक विभिन्न किश्तों में 9.5 करोड़ रुपये वसूले थे। इसके बाद आशु रेड्डी ने विवाह करने से इनकार कर दिया।
इस कारण शेखपेट निवासी येनुमला धर्मेन्द्र राव ने उसके खिलाफ सीसीएस पुलिस में शिकायत की। शिकायत के आधार पर सीसीएस पुलिस ने आशु रेड्डी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामले दर्ज किए। आशु रेड्डी उर्फ वेंकटा अश्विनी रेड्डी कोय्या के अलावा उसके परिवार के सदस्य वेंकट कृष्णा कोय्या, वेंकट दिव्या रेड्डी कोय्या और कोय्या यशोदा रेड्डी के खिलाफ भी मामले दर्ज किए। ऑडियो संवाद में आशु रेड्डी ने धर्मेन्द्र के खिलाफ प्रताड़ना का मामला दर्ज करने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना में ईंधन की आपूर्ति पर्याप्त : नागर आपूर्ति आयुक्त
परिवार पर दबाव डालने पर प्रताड़ना केस दर्ज कराने की धमकी
सेलफोन पर बातचीत के ऑडियो में आशु रेड्डी ने धर्मेन्द्र को धमकाते हुए कहा कि मई माह तक का समय देने पर वह 1.5 करोड़ रुपये लौटा देगी और शेष रकम वह अपने जीवन में सफल होने पर वापस करेगी। उसने धर्मेन्द्र से स्पष्ट कह दिया कि वह उसका चेहरा नहीं देखना चाहती और यदि वह इस मामले को सुलझाना चाहता है, तो वह फिल्म अभिनेत्री प्रवीणा और ज्योतिषी वेणु स्वामी के समक्ष बात करने के लिए तैयार है। उसने धमकी देते हुए कहा कि इस मामले में वह उसके परिवार को शामिल करेगा और उस पर दबाव डालेगा, तो वह उसके खिलाफ प्रताड़ना का मामला दर्ज करवाएगी।
इन दोनों के बीच वर्ष 2018 से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वर्ष 2020 के दौरान आशु रेड्डी ने धर्मेन्द्र के प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इसके बाद से ही दोनों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई और पैसों के मामले को लेकर आशु रेड्डी और उसके परिवार के खिलाफ सीसीएस पुलिस में मामला दर्ज किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



