फ्यूचर बनेगी सिटी : मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने फ्यूचर सिटी के विकास में बाधा डालने वालों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि भारत फ्यूचर सिटी को सिंगापुर, टोक्यो और न्यूयॉर्क के बराबर विकसित किया जाएगा। उन्होंने भारास नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नशे की हालत में की गई टिप्पणियों को गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि शुक्राचार्य ने विकास को रोकने के लिए मारीच और सुबाहू नाम के दो राक्षसों को भेजा था।

मुख्यमंत्री ने परोक्ष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की तुलना शुक्राचार्य और पूर्व मंत्री केटीआर और हरीश राव की तुलना मारीच और सुबाहू से की। मुख्यमंत्री ने मीरखानपेट में फ्यूचरसिटी पुलिस आयुक्तालय के निर्माण हेतु आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने अन्य कुछ विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया। उन्होंने ऑक्टोपस के प्रशासनिक ब्लॉक और कुतबुल्लापुर डीसीपी कार्यालय भवन का उद्घाटन किया।
फ्यूचरसिटी के लिए किसानों को उचित मुआवजे का आश्वासन
इसके अलावा गच्ची बावली यातायात पुलिस थाना भवन के निर्माण हेतु आधारशिला रखी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्यूचरसिटी के लिए अधिग्रहित की गई जमीनों के बदले किसानों को अच्छा मुआवजा दिया जाएगा और उनके हितों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके पास आग्रह लेकर आए थे कि उनके गाँवों को भी फ्यूचरसिटी की सीमा में शामिल किया जाए।
इस पर उन्होंने अधिकारियों को ग्राम सभाएँ आयोजित करने और निवासियों की इच्छा के अनुसार उनके गाँवों को पुलिस आयुक्तालय के अधिकार क्षेत्र में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फ्यूचरसिटी विकास निगम के कार्यालय का उद्घाटन आगामी 2 जून को किया जाएगा। इसके साथ ही उनकी सरकार किसानों को सहायता प्रदान करेगी, जिन्होंने अपनी जमीनें खो दी है। उनके लिए सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी को भी कोई कष्ट न हो।
रेवंत ने राज्य के उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू से स्थानीय लोगों की शिकायतें जानने और उनका समाधान करने के लिए उपलब्ध रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार समीक्षा बैठकें आयोजित करेगी और सीधे फ्यूचरसिटी से निवेश आमंत्रित करेगी। फ्यूचरसिटी को दुनिया के एक शानदार शहर में बदलने की इस बड़ी पहल का समर्थन करने के लिए सभी से अपील की। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने आउटर रिंग रोड के निर्माण पर संदेह जताया था और इसका विरोध किया था लेकिन आज आउटर रिंग रोड देश की एक अद्भुत संरचना बन गई है।
यह भी पढ़ें… उच्च न्यायालय में चार न्यायाधीशों ने ली शपथ
फ्यूचरसिटी मुद्दे पर भारास की कड़ी आलोचना
रेवंत ने फ्यूचरसिटी के खिलाफ झूठा प्रचार कर विकास में बाधा डालने के लिए भारास की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि शुक्राचार्य जो फार्म हाउस में रह रहे हैं, उन्होंने हमारे विकास के यज्ञ में बाधा डालने के लिए मारीच और सुबाहू को भेजा है। हालाँकि विपक्ष के नेता की शराब के नशे में की गई आलोचना और टिप्पणी को गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है।
रेवंत ने कहा कि फ्यूचरसिटी को वैश्विक निवेश के लिए सबसे बेहतरीन जगह के तौर पर बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश में मंजूर की गई 7 बुलेट ट्रेन परियोजनाओं में से 3 खास तौर तेलंगाना राज्य को आवंटित की गई। बेंगलुरू को हैदराबाद से, शमशाबाद को पुणे से शमशाबाद-अमरावती-चेन्नई को जोड़ने वाले बुलेट ट्रेन नेटवर्क के प्रस्तावों को भी मंजूरी दे दी गई है। ऐसे बड़े प्रॉजेक्ट रंगारेड्डी ज़िले को विकास के एक बड़े केंद्र के तौर पर बदल देंगे।
रेवंत ने माओवादियों से अपील की है कि वे आत्मसमर्पण कर जीवन की मुख्य धारा में शामिल हो जाए। सरकार उनके पुनर्वास और उनके स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने के लिए तैयार है। साथ ही उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्यक्रम में उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू, आबकारी मंत्री जूपल्ली कृष्णा राव, विधान परिषद के मुख्य सचेतक महेन्दर रेड्डी, राज्यसभा सदस्य वेम नरेन्दर रेड्डी, अनिल कुमार यादव, विधायक मलरेड्डी रंगारेड्डी, पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी और फ्यूचरसिटी पुलिस आयुक्त जी. सुधीर बाबू उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



