भाजपा ने की विशाल महिला जनआक्रोश पदयात्रा

Ad

हैदराबाद , लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के संसद में पेश नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन बिल का विरोध कर पारित होने से रोकने वाली कांग्रेस व इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (आईएनडीआईए) गठबंधन की तुलना कौरवों से करते हए प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने जिस प्रकार द्रौपदी के चीर हरण के समय भरे सदन में महिला सम्मान की रक्षा की उसी प्रकार प्रधानमंत्री मोदी भी श्रीकृष्ण की भाँति अवश्य ही महिला सम्मान की रक्षा कर उनका अधिकार दिलाकर रहेंगे।

संसद में महिला आरक्षण संशोधन बिल को पारित नहीं होने देने का आरोप कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लगाते हुए आज ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) मुख्यालय से इंदिरा पार्क तक निकाली गई महिला जन आक्रोश पदयात्रा में भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया, जिसे इंदिरा पार्क के पास संबोधित करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना मारीच से करने वाले मुख्यमंत्री रेवंतुद्दीन को रामायण-महाभारत पर बोलने तक का अधिकार नहीं है।

महिला आरक्षण बिल पर महाभारत से की गई तुलना

रामचंदर राव ने कहा कि महाभारत के द्रौपदी चीर हरण का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार द्रौपदी के चीर हरण के समय भरे सदन में महिला का अपमान देखकर दुश्सासन, दुर्योधन सहित कौरव खुशियाँ मना रहे थे, उसी प्रकार संसद में महिला आरक्षण बिल को गिराकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन मेजें थपथपाकर खुशियाँ मना रहे थे। उन्होंने कहा कि परंतु भगवान श्रीकृष्ण ने जिस प्रकार द्रौपदी को अपमानित होने से बचाया था उसी प्रकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाकर महिलाओं को अपमानित होने से प्रधानमंत्री बचाएँगे।

रामचंदर राव ने कहा कि महिला का हक छीनने के बाद जिस प्रकार कांग्रेस व इंडी गठबंधन कौरवों की भाँति खुशी मना रहे थे, उस 17 अप्रैल को कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा बेनकाब हो चुका है। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी व मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का नाम लेते हुए कहा कि जार्ज सोरस जो भारत को विभाजित करने की मंशा रखता है, उसकी कठपुतली बनकर राहुल व रेवंत ने देश विरोधी राजनीति करते हुए देश को उत्तर-दक्षिण में विभाजित करने का षडयंत्र रचा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जब तक भाजपा है, तब तक महिलाओं के साथ कोई अन्याय नहीं होगा।

रामचंदर राव ने भारत राष्ट्र समिति (भारास) को भी महिला विरोधी करार देते हुए कहा कि जब पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव सत्ता पर काबिज हुए थे, तब कैबिनेट में एक भी महिला को स्थान नहीं दिया गया था। उन्होंने तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष कविता की ओर इशारा करते हुए कहा कि केसीआर के परिवार की महिला की ही हालत देखने पर इनकी महिला विरोधी मानसिकता का पता चल रहा है।

महिला अन्याय के लिए राहुल, रेवंत, स्टॉलिन, असद व केसीआर जिम्मेदार

केंद्रीय कोयला व खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने संसद में महिला आरक्षण संशोधन बिल के संसद में गिरने को लेकर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि महिलाओ को उनका हक दिलाने से रोककर अन्याय करने का जिम्मा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टॉलिन व मजलिस पार्टी सांसद असदुद्दीन ओवैसी का है। उन्होंने याद करते हुए कहा कि जब वे विधायक थे तब विधानसभा में मजलिस ने स्थानीय निकायों में महिलाओं के आरक्षण का विरोध किया था।

किशन रेड्डी ने आरोप लगाया कि अब लोकसभा में महिला बिल के खिलाफ रहे मजलिस सांसद असदुद्दीन ओवैसी की आँखों में खुशियाँ देखने के लिए ही राहुल गांधी, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी व पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर ने महिला बिल का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि संसद में बीआरएस के एक सदस्य नहीं हैं, फिर भी बीआरएस ने बाहर रहकर महिला बिल का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि बिल को रोककर कांग्रेस व इंडी गठबंधन ने 70 करोड़ महिलाओं का जो अपमान किया है, उससे सभी पार्टियों की महिलाएँ संगठित होकर राजनीतिक कबर बनाएँ।

यह भी पढ़ें… सारा नहीद को द बेस्ट एनवायरनमेंटलिस्ट अवार्ड 2026 प्रदत्त

वंशवादी व परिवारवादी पार्टियों ने किया विरोध

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने कहा कि महिला आरक्षण संशोधन बिल का वंशवादी व परिवारवादी पार्टियों ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह पार्टियाँ केवल अपने परिवार की महिलाओं को सदन में देखना पसंद करतीं है, अन्य आम महिला का सदन में आना इन्हें पसंद नहीं है।

मंत्री ने कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार की पुत्री सांसद सुप्रिया सुले, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी सांसद डिम्पल यादव व तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टॉलिन की बहन कनिमोझी का नाम लिया और कहा कि ऐसी ही परिवारवादी राजनीतिक पार्टियों ने बिल का विरोध कर महिलाओं की आशाओं पर पानी फेर दिया है। उन्होंने महिला बिल पारित न होने के देने के पीछे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की मुख्य भूमिका बताई और कहा कि वे अपनी गलती मानकर पश्चाताप करें।

महिलाएँ ही नहीं एससी, एसटी का भी नुकसान किया…

भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन बिल को गिराकर कांग्रेस व इंडी गठबंधन ने न केवल महिलाओं, बल्कि एससी व एसटी वर्ग का भारी नुकसान किया है। दलित संघों को चाहिए कि इसके खिलाफ आवाज उठाएँ। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से भाजपा के पास लोकसभा में संख्याबल नहीं होने के कारण महिला आरक्षण बिल पारित नहीं हो पाया है, यदि संख्या होती तो बिल पारित होने में देर नहीं होती।

लक्ष्मण ने कहा कि डिलिमिटेशन से दक्षिण को नुकसान होने के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही जात-पात, भाषा व प्रांत के तौर पर विभाजन की राजनीति करती आई है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रावधान ही नहीं रखा है, फिर भी मुसलमानों को आरक्षण में सब कोटा देने की माँग सदन में की गई।

लक्ष्मण ने कहा कि कांग्रेस नीत पूर्व संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार का उल्लेख किया और कहा कि संप्रग की चेयरपर्सन रहीं सांसद सोनिया गांधी के समय महिला बिल को फाडकर, जिस प्रकार समाज वादी पार्टी (सपा) व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने महिलाओं का अपमान किया था, उस समय सोनिया गांधी मौन रहीं थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2029 तक किसी हाल महिलाओं को आरक्षण प्राप्त होगा इस बिल को रोकने की ताकत किसी में नहीं होगी।

प्रधानमंत्री मोदी को श्रेय मिलेगा इसलिए महिला बिल का विरोध

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डी.के. अरूणा ने महिला आरक्षण संशोधन बिल संसद में पारित हो गया, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय मिलेगा इसलिए दुर्भावना से कांग्रेस व इंडी गठबंधन ने महिलाओं का हक छीनकर बिल को गिरा दिया। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल महिलाओं के लिए काला दिन है, विरोध करने वालों का महिला विरोधी रवैया जगजाहिर हो चुका है।

अरूणा ने कहा क्योंकि इन दलों को भविष्य का भय सताने लगा है, लेकिन वर्ष 2023 में जिस प्रकार मोदी सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करवाया था, उसी प्रकार 2029 के चुनाव में 33 प्रतिशत आरक्षण अवश्य मिलेगा। सभा अध्यक्ष गोदावरी अंजीरेड्डी के अलावा कार्यक्रम में जयश्री, गीता मूर्ति, बंडारू विजयवक्ष्मी, जुटुरू कीर्ति रेड्डी, प्रभा गौड़, प्रदेश भाजपा महासचिव डॉ. गौतम राव, अधिकारिक प्रवक्ता टी. वीरेंदर गौड़ आदि उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button