गुजरात के नगर निगमों में भाजपा की आंधी

अहमदाबाद, गुजरात की सभी 15 नगर निगम सीटों पर 26 अप्रैल को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत हासिल की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पार्टी ने मोरबी और पोरबंदर नगर निगमों में सभी 52-52 सीटें अपने नाम कीं। राज्य के 17 नगर निगमों में से 15 में चुनाव हुए। शेष दो निगमों का कार्यकाल अभी समाप्त होना बाकी है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा ने अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, जामनगर, भावनगर, गांधीधाम, सुरेंद्रनगर, मेहसाणा, आणंद, नडियाड, नवसारी और वापी के नगर निगमों में भी जीत हासिल की।

अहमदाबाद में भाजपा ने कुल 192 में से 160 सीटें जीती, जबकि कांग्रेस को 32 सीटें मिलीं। पिछली बार सात सीटें जीतने वाली एआईएमआईएम इस बार खाता खोलने में भी नाकाम रही। सूरत नगर निगम में भाजपा ने 120 में से 115 सीटें हासिल कीं, जबकि कांग्रेस को केवल एक सीट मिली। पिछली बार 27 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी इस बार चार सीटों तक सिमट गई।

राजकोट और वडोदरा में भाजपा की बड़ी जीत

राजकोट नगर निगम में भाजपा ने 72 में से 65 सीटें जीती, जबकि कांग्रेस को सात सीटें मिलीं। वडोदरा नगर निगम में भाजपा ने 76 में से 69 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को छह और एक सीट अन्य उम्मीदवार के खाते में गई। भाजपा ने जामनगर और भावनगर नगर निगमों में भी बड़े अंतर से जीत हासिल की। सुरेंद्रनगर और नडियाद नगर निगमों में भाजपा को केवल एक-एक सीट का नुकसान हुआ।

नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आणंद, नडियाद, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर जैसे नवगित नगर निगमों में पहली बार हुए चुनाव में भी भाजपा ने जीत दर्ज की। मतगणना मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। रविवार को 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 ज़िला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतदान हुआ था। यह चुनाव अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के संशोधित नियमों के तहत आयोजित किए गए, जिसके कारण कई ज़िलों में व्यापक परिसीमन और वार्ड पुनर्गठन किया गया था। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button