एम्स-भोपाल से रक्त और प्लाज्मा चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच
भोपाल, मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ब्लड बैंक से कई यूनिट रक्त और प्लाज्मा चोरी हो गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एम्स ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र प्रसाद द्वारा बाग सेवानिया पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को ठेके के एक कर्मचारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
सहायक पुलिस आयुक्त (मिसरोद क्षेत्र) रजनीश कश्यप कौल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शिकायत के अनुसार ब्लड बैंक से रक्त और प्लाज्मा इकाइयां लंबे समय से गायब हो रही थीं। उन्होंने बताया कि कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़े : उत्तराखंड : पैगंबर पर टिप्पणी को लेकर हंगामा, युवक हिरासत में
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी कथित तौर पर प्लाज्मा (रक्त का तरल हिस्सा) की कुछ इकाइयां चुरा रहा था और उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति को सौंप रहा था। उन्होंने कहा कि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कश्यप ने बताया कि एम्स के अधिकारियों को इस मामले में कुछ अंदरूनी लोगों की भूमिका पर संदेह था, इसलिए उन्होंने ब्लड बैंक के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए थे।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



